टीकाराम जूली ने भाजपा पर साधा निशाना : कागजी स्वच्छता रैंकिंग पर सवाल, कहा- अलवर में जाम नालियां, सड़कों पर गंदा पानी
शहर को नंबर वन बताकर अपनी पीठ थपथपा रही
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर शहरों की सफाई रैंकिंग को लेकर हमला बोला। अलवर गंदगी से जूझ रहा, जबकि कागजी रैंकिंग में नंबर वन बताया जा रहा। जूली ने चेतावनी दी कि हालात नहीं सुधरे तो स्वच्छता सर्वे में रैंकिंग गिरेगी।
जयपुर। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शहरों की सफाई व्यवस्था की रैंकिंग को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है।
जूली ने कहा है कि अलवर की जनता गंदगी और बदहाली से त्रस्त है, लेकिन सरकार 'कागजी रैंकिंग' में शहर को नंबर वन बताकर अपनी पीठ थपथपा रही है। यह अलवर वासियों के साथ भद्दा मजाक है। आज शहर के हालात ये हैं कि नालियां जाम हैं, सड़कों पर गंदा पानी बह रहा है, लेकिन प्रशासन 'स्वच्छता' का ढोल पीट रहा है। गीला-सूखा कचरा अलग करने का दावा करने वाली नगर निगम की मशीनरी धरातल पर पूरी तरह फेल है। भाजपा सरकार सिर्फ आंकड़ों की बाजीगरी में माहिर है। अगर ज़मीनी हकीकत नहीं बदली, तो मार्च के अंत में होने वाले केंद्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में अलवर की रैंकिंग बुरी तरह गिरेगी और इसका जिम्मेदार सिर्फ यहाँ का निकम्मा प्रशासन होगा। विज्ञापनों और फर्जी रैंकिंग से शहर साफ नहीं होते, उसके लिए ठोस काम करना पड़ता है। अलवर की जनता को इस गंदगी से निजात दिलाइए।

Comment List