परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन करें, कोताही पर होगी सख्त कार्रवाई: सीएम भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई राज उन्नति की प्रथम बैठक
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'राज उन्नति' बैठक में रेल, सड़क और स्वास्थ्य से जुड़ी नौ महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समयबद्ध समीक्षा की।
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को सीएमओ में राज उन्नति की पहली बैठक हुई। इस दौरान उन्होंने लगभग 2 हजार करोड़ की सात परियोजनाओं और दो योजनाओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजनाओं और योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने आमजन की परिवेदनाओं पर अधिकारियों से फीडबैक लेते हुए उन्हें राहत पहुंचाई।
परिवेदनाओं की नियमित मॉनिटरिंग हो:
सीएम ने जिला कलक्टर्स को निर्देश दिए कि आमजन की परिवेदनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उनका समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लंबित परिवादों के निस्तारण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाए। परियोजनाओं एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में कोताही बरतने पर लापरवाह अधिकारियों और कार्मिकों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
कलेक्टरों को शीघ्र कार्य प्रारंभ के निर्देश
मुख्यमंत्री ने जिला कलक्टर्स को विकास कार्यों में आवश्यक भू-आवंटन पर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि आवंटन के बाद शीघ्र निविदा जारी कर कार्य प्रारंभ किया जाए। पीएम सूर्यघर योजना में राजस्थान को सिरमौर बनाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करें। साथ ही खराब ट्रांसफार्मर्स को तय सीमा में बदले।
हीरापुरा बस टर्मिनल पर हो सभी सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने जयपुर के हीरापुरा बस टर्मिनल में बस रूटों के निर्धारण और यात्रियों के लिए शेड, पेयजल, पार्किंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जयपुर जिला कलक्टर, जयपुर विकास आयुक्त एवं जयपुर नगर निगम आयुक्त को बस टर्मिनल से सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के क्रम में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
परिवादों के निस्तारण का नियमित हो सत्यापन
मुख्यमंत्री ने राजस्थान सम्पर्क हेल्पलाइन के चयनित परिवादियों से उनके परिवाद निस्तारण पर फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि शासन सचिव, संभागीय आयुक्त, जिला कलक्टर्स राजस्थान सम्पर्क हेल्पलाइन पर प्राप्त परिवादों का नियमित सत्यापन करें। शर्मा ने मुख्य सचिव को अधिकारियों के लिए सत्यापन के प्रकरणों की सीमा तय करने के लिए निर्देशित किया।
ये भी दिए निर्देश...
अजमेर-चंदेरिया ब्रॉडगेज दोहरीकरण परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण हो शीघ्र पूर्ण।
इसके लिए अजमेर, ब्यावर, भीलवाड़ा एवं चित्तौड़गढ़ जिलों में भूमि अधिग्रहण से संबंधित प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएं।
श्रीगंगानगर, केसरीसिंहपुरा, श्रीकरणपुर, कोटा उत्तर, कोटा दक्षिण एवं सांगोद में सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट लगाएं।
65 निकायों में फिकल स्लेज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी), लोहावट (फलोदी) में खेल स्टेडियम
लाडनूं में उप जिला चिकित्सालय, कोटा, अजमेर और भरतपुर जिलों में बालिका सैनिक स्कूलों की स्थापना की प्रगति के निर्देश।

Comment List