न्यू सांगानेर रोड के व्यापारियों ने किया तोड़फोड़ की कार्रवाई का विरोध, सड़क चौड़ीकरण में व्यापारियों को मुआवजा व पुनर्वास देने की मांग
धरने पर बैठे व्यापारी
जयपुर। न्यू सांगानेर रोड से गुर्जर की थड़ी तक सड़क की चौड़ाई 100 फीट करने के राजस्थान हाईकोर्ट के आदेशों की पालना में जेडीए के नोटिसों के विरोध में स्थानीय व्यापारियों ने मंगलवार को सांकेतिक धरना देने के साथ ही पैदल मार्च निकाला। व्यापारियों ने सरकार से मांग की है कि तोड़फोड के दौरान होने वाले नुकसान का मुआजवा देने के साथ ही उनको पुर्नवास किया जाए।
न्यू सांगानेर व्यापार मंडल के अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा ने बताया कि सोडाला मोड से गुर्जर की थड़ी तक सड़क की चौड़ाई 100 फीट करने से करीब 256 दुकानों को जेडीए ने खाली करने के नोटिस जारी किए है। उन्होंने बताया कि सोड़ाला मोड से मेट्रो के पिलर नंबर 125 तक करीब 100 दुकानें तो पूरी तरह से तोड़फोड में जाएगी और उसके अलावा पिलर नंबर 125 से गुर्जर की थड़ी तक करीब डेढ़ सौ दुकानें चार फीट से दस फीट तक तोड़ी जाएंगी। इससे व्यापारियों को व्यापार उजड़ने के साथ ही रोजगार भी समाप्त होगा। इसको लेकर व्यापारियों में रोष व्याप्त है। इसको लेकर व्यापारियों ने न्यू सांगानेर रोड पर शांतिपूवर्क सांकेतिक धरना दिया लेकिन पुलिस ने उनको धरना नहीं देने दिया और वहां से हटा दिया। इसके बाद व्यापारियों ने पैदल मार्च निकाल कर अपना विरोध दर्ज कराया।
नीचे दुकान, ऊपर मकान :
शर्मा ने बताया कि न्यू सांगानेर रोड पर छोटे-छोटे व्यापारी है जिनके नीचे दुकान और ऊपर मकान है। ऐसे में यदि दुकानें तोडी जाती है तो उनका व्यापार तो चौपट होगी ही, साथ ही घर से भी बेघर हो जाएंगे। उन्होंने सरकार से मांग की है कि वह तोड़फोड का विरोध नहीं कर रहे है लेकिन उनको उचित मुआवजा एवं पुर्नवास किया जाए जिससे लोगों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न नहीं हो और वह बेघर नहीं हो सकें।
नजदीक है दीपावली का त्यौहार :
न्यू सांगानेर व्यापार मंडल के अध्यक्ष शर्मा ने बताया कि राजस्थान हाईकोर्ट ने जेडीए को 6 अक्टूबर तक पालना रिपोर्ट पेश करने के आदेश जारी किए है, ऐसे में जेडीए जल्द ही न्यू सांगानेर रोड पर तोड़फोड की कार्रवाई शुरू करेगा। उन्होंने बताया कि आने वाला समय त्योहारी सीजन है और देश का सबसे बड़ा त्यौहार दीवाली भी नजदीक है। व्यापारी त्योहारी सीजन मोटा पैसा लगाकर अपना व्यापार बढ़ाता है लेकिन तोड़फोड की स्थिति में व्यापार तो चौपट होगी ही घर से भी बेघर हो रहा है।
रामगढ़ बांध का गला क्यों घोंट रखा है जेडीए ने :
शर्मा ने बताया कि जेडीए न्यायालय के आदेश की आड़ में व्यापारियों पर ताकत दिखाने में लग रहा है, जबकि रामगढ़ बांध का गला पूरी तरह से ताकतबर लोगों ने घोंट रखा है और जेडीए आंखों मूंदकर बैठा है। कार्रवाई के नाम पर रेतत के टीलों पर जेबीसी चलाकर खानापूर्ति कर लेता है। बांध में पानी की आवक के रास्तों से अतिक्रमण नहीं हटा रहा है और छोटे-छोटे व्यापारियों के व्यापार के साथ ही उनको बेघर करने में लगा हुआ है।
पूर्व में दो बार कर चुके है तोड़फोड का सामना :
शर्मा ने बताया कि जयपुर शहर में ऑपरेशन पिंक के दौरान भी तोड़फोड कर लोगों के व्यापार नष्ट किए गए थे। इसके बाद मेट्रो के निर्माण के दौरान भी दुकानें व घर तोड़े गए थे। उन्होंने बताया कि स्थानीय व्यापारी पूर्व में दो बार तोड़फोड का दंश झेल चुके है और अब तीसरी बार फिर से न्यू सांगानेर रोड पर जेडीए बुलडोजर चलाने की तैयारियां कर रहा है।

Comment List