ओवरलोड वाहनों पर परिवहन विभाग सख्त, 100 से अधिक ई-रवन्ना चालान वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पंजीयन निलंबित करने की कार्रवाई के निर्देश
जयपुर। ओवरलोडिंग और नियमों के लगातार उल्लंघन पर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। परिवहन मुख्यालय ने प्रदेश के सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा है, जिनके विरुद्ध 100 से अधिक ई-रवन्ना चालान दर्ज हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद वाहन मालिक लगातार नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। मुख्यालय के अनुसार कई वाहन अनाधिकृत संरचनात्मक परिवर्तन कर निर्धारित भार क्षमता से अधिक माल ढो रहे हैं तथा पंजीकरण की शर्तों के विपरीत उनका संचालन किया जा रहा है। ऐसे मामलों में संबंधित वाहनों को तत्काल सीज करने और उनका पंजीयन निलंबित करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा जो वाहन वर्तमान में संचालित नहीं हो रहे हैं, उन्हें परिवहन कार्यालय में बुलाकर उनका भौतिक निरीक्षण कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यदि वाहन में अनधिकृत बदलाव या अन्य नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। परिवहन मुख्यालय ने सभी क्षेत्रीय एवं जिला परिवहन अधिकारियों से इस अभियान के तहत की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र मुख्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए हैं।

Comment List