फिरौती मांगने की वारदात का त्वरित खुलासा: 2 आरोपी दबोचे, एक फरार
पुलिस जांच शुरू
जयपुर। प्रताप नगर थाना पुलिस ने अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में दो आरोपियों मनीष सैनी (22) प्रताप नगर और अविनाश राव उर्फ बॉबी (24) सांगानेर सदर हाल प्रताप नगर को सांगानेर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत युवक को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया जबकि मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
थानाप्रभारी विक्रांत शर्मा ने बताया कि परिवादिया विनोदी देवी ने रिपोर्ट दी कि 23 जुलाई की शाम उनकी दुकान पर कार्यरत रामदयाल का मनीष सैनी, बॉबी राणा और किशन राजपूत जबरन कार में अपहरण कर ले गए। इसके बाद आरोपियों ने परिजनों को फोन कर दो लाख रुपए की फिरौती मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने करीब 15 किलोमीटर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। दबाव बढ़ने पर आरोपी रामदयाल को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर उसी दिन दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में फरार आरोपी किशन राजपूत की तलाश जारी है। मनीष सैनी के खिलाफ पहले भी चोरी के दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Comment List