किराए की संपत्ति के फर्जी दस्तावेज बनाकर कब्जे की कोशिश, 2 भाई गिरफ्तार
फैक्ट्री खाली करने के बदले वे उनसे रुपयों की मांग कर रहे थे
जयपुर। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने किराए की संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर कब्जा करने का प्रयास करने वाले दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने संपत्ति मालिक के हस्ताक्षरों के आधार पर खरीद-बिक्री का कूटरचित इकरारनामा और भुगतान रसीद तैयार कर ली। पुलिस ने आरोपियों के तैयार किए गए फर्जी दस्तावेज भी जब्त किए हैं। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि आरोपी सचिन सिंह भाटी और उसके भाई सुमित सिंह उर्फ सन्नी को गिरफ्तार किया। वे जोधपुर पश्चिम के देव नगर इलाके मे चोपासनी हाऊसिंग बोर्ड के रहने वाले हैं। जो यहां वैशाली नगर विस्तार में वर्धमान नगर लालपुरा में किराए से रहते है। इनके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। परिवादी सांवरमल अग्रवाल ने 5 फरवरी को इस्तगासे के जरिए झोटवाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया कि किराएदार सचिन सिंह ने अपने भाई सुमित सिंह के साथ मिलकर उसकी किराए की संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर फैक्ट्री पर कब्जा कर लिया।
फैक्ट्री खाली करने के बदले वे उनसे रुपयों की मांग कर रहे थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी किराए की संपत्ति लेकर मालिक का विश्वास जीतने के बाद उसके हस्ताक्षरों के आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्ति विवादित करते थे।

Comment List