जयपुर में बेकाबू सफेद कार का कहर : बाइक सवार को टक्कर मार फरार, CCTV में कैद वारदात
कार तेज रफ्तार में थी
जयपुर के मालपुरा गेट क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार गंभीर घायल। कार सवार चार युवक मौके से फरार और रास्ते में अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी। पूरी घटना CCTV में कैद। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार नंबर की पहचान कर जांच शुरू।
जयपुर। मालपुरा गेट थाना इलाके के गोवर्धन नगर में देर रात एक सफेद कार का कहर देखने को मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं था। इसी दौरान कार ने सड़क पर जा रहे एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार में सवार चार युवक बेखौफ नजर आए। उन्होंने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी और मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान कार ने रास्ते में खड़े या चल रहे अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कार तेज गति से आकर बाइक को टक्कर मारती है और फिर बिना रुके आगे निकल जाती है। घटना की सूचना मिलते ही मालपुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर कार के नंबर की पहचान कर ली गई है।

Comment List