वी. श्रीनिवास ने वैश्विक सुशासन के लिए देशों के बीच प्रशासनिक अनुभव साझा करने पर दिया जोर
164 देशों की प्रशासनिक व्यवस्थाओं का होगा मूल्यांकन
जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव एवं इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (IIAS) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास ने वैश्विक स्तर पर बेहतर सुशासन के लिए विभिन्न देशों के बीच प्रशासनिक अनुभव साझा करने और एक-दूसरे के सफल प्रयोगों से सीखने पर जोर दिया है। सियोल में आयोजित IIAS 2026 के वार्षिक सम्मेलन के दौरान IIAS गवर्नेस इंडेक्स जारी किया गया। श्रीनिवास ने 'X' पर पोस्ट के जरिए इस इंडेक्स की महत्ता बताते हुए कहा कि देशों को एक-दूसरे के प्रशासनिक सुधारों को समझकर स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप अपनाना चाहिए।
उन्होंने तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से सार्वजनिक सेवाओं को आमजन के लिए अधिक सुगम और सुलभ बनाने की आवश्यकता जताई। इंडेक्स में 164 देशों का छह प्रमुख स्तंभों के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। इससे देश अपनी प्रशासनिक कमियों की पहचान करने के साथ समान आय वर्ग और क्षेत्रीय देशों से तुलनात्मक अध्ययन भी कर सकेंगे। इस दौरान श्रीनिवास ने सियोल स्थित कोरिया गणराज्य के राष्ट्रीय संग्रहालय का भी दौरा किया। यहां उन्होंने भगवान बुद्ध की शिक्षाओं, भारतीय गैलरी में प्रदर्शित भगवान गणेश की प्रतिमाओं, प्राचीन मिट्टी की कलाकृतियों और ऐतिहासिक अभिलेखों का अवलोकन किया।

Comment List