गोविंद देव जी मंदिर में वरूथिनी एकादशी श्रद्धा के साथ मनाई : आकर्षक अलंकारों से भव्य श्रृंगार, बड़ी संख्या में भक्त मौजूद
धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होता रहा
गोविंद देव जी मंदिर में वरूथिनी एकादशी श्रद्धा से मनाई। मंगला झांकी के बाद पंचामृत अभिषेक और विशेष श्रृंगार। ठाकुर जी को लाल नटवर वेश और मुकुट धारण कराया। दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर परिसर भक्तिमय।
जयपुर। गोविंद धाम स्थित ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देव जी महाराज में 13 अप्रैल को वैशाख कृष्ण पक्ष की एकादशी पर वरूथिनी एकादशी श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाई गई। प्रातःकाल मंगला झांकी के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक श्रीमन् माध्व गौडेश्वराचार्य महंत श्री अंजन कुमार गोस्वामी जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। इसके बाद ठाकुर जी को एकादशी के अवसर पर विशेष लाल नटवर वेशभूषा धारण कराई गई तथा आकर्षक अलंकारों से भव्य श्रृंगार किया गया।
साथ ही, एकादशी का विशेष मुकुट भी सजाया गया, जिससे मंदिर परिसर दिव्य आभा से आलोकित हो उठा। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर लगातार जारी रहा। बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया और भगवान के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। पूरे दिन भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होता रहा।

Comment List