सार्वजनिक सेवा वाहनों में VLTD और पैनिक बटन अनिवार्य, बिना इंस्टॉलेशन नहीं मिलेगा फिटनेस व परमिट
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा और मजबूत
जयपुर। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सार्वजनिक सेवा वाहनों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) और पैनिक बटन की अनिवार्य स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों उपकरणों का सत्यापित इंस्टॉलेशन किए बिना किसी भी सार्वजनिक सेवा वाहन का फिटनेस सर्टिफिकेट या परमिट जारी अथवा नवीनीकृत नहीं किया जाएगा। मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार सभी वाहनों में लगाए जाने वाले VLTD और पैनिक बटन को VAHAN पोर्टल से जोड़ा जाएगा, ताकि वाहनों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग और आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इससे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकेगा। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश देते हुए कहा है कि संबंधित परिवहन विभाग सार्वजनिक सेवा वाहनों में इन उपकरणों की स्थापना की निगरानी करें और निर्धारित मानकों के अनुरूप उनका सत्यापन सुनिश्चित करें। मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से इस संबंध में 30 दिनों के भीतर अनुपालन कार्रवाई रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजने के लिए भी कहा है। सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाना है।

Comment List