बांधों में पानी की आवक बढ़ी, 24 घंटे में 13.5 एमसीएम पानी की बढ़ोतरी
693 बांधों में कुल जलभराव 7625.17 मिलियन घनमीटर पहुंच गया
जयपुर। राजस्थान के बांधों में बीते 24 घंटे के दौरान पानी की आवक से जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जल संसाधन विभाग की 4 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के 693 बांधों में कुल जलभराव 7625.17 मिलियन घनमीटर पहुंच गया है, जो कुल क्षमता का 58.52 प्रतिशत है। एक दिन में बांधों में 13.5 मिलियन घनमीटर पानी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। क्षेत्रवार स्थिति देखें तो कोटा जल संसाधन क्षेत्र में सबसे अधिक 76.64 प्रतिशत पानी उपलब्ध है। यहां 1213.003 मिलियन घनमीटर क्षमता के मुकाबले 929.633 मिलियन घनमीटर पानी है। बांधों में लगातार पानी की आवक से जलभराव की स्थिति में सुधार हुआ है।
वहीं, जयपुर क्षेत्र में 47.23 प्रतिशत, भरतपुर में 43.40 प्रतिशत, जोधपुर में 14.01 प्रतिशत, बांसवाड़ा में 45.86 प्रतिशत और उदयपुर क्षेत्र में 40.84 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया है। प्रमुख बांधों में राणा प्रताप सागर में 5034.464 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज हुई। वहीं, पंजाब के भाखड़ा में 38,829 क्यूसेक और पोंग में 28,091 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई।

Comment List