राजस्थान के बांधों में जलभराव 44.20% पहुंचा, 24 घंटे में 14.72 एमसीएम पानी बढ़ा
407 छोटे बांधों में 13.58 प्रतिशत जलभराव दर्ज
जयपुर। प्रदेश में मानसून की सक्रियता के बीच राजस्थान के बांधों में जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। जल संसाधन विभाग की 3 जुलाई 2026 की रिपोर्ट के अनुसार राज्य के 693 बांधों में कुल 13,029.09 मिलियन घनमीटर (एमसीएम) क्षमता के मुकाबले 5,758.27 एमसीएम पानी संग्रहित है, जो कुल क्षमता का 44.20 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में बांधों में 14.72 एमसीएम पानी की वृद्धि दर्ज की गई है। रिपोर्ट के अनुसार राज्य के 23 प्रमुख बांधों में 4,599.10 एमसीएम पानी है, जो उनकी कुल क्षमता का 56.11 प्रतिशत है।
वहीं 263 मध्यम एवं बड़े बांधों में 26.13 प्रतिशत तथा 407 छोटे बांधों में 13.58 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया है। जल संसाधन विभाग के जोनवार आंकड़ों में कोटा जोन सबसे आगे है, जहां बांधों की जलभराव क्षमता 55.16 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके बाद जयपुर जोन में 46.39 प्रतिशत, बांसवाड़ा में 43.03 प्रतिशत, उदयपुर में 35.90 प्रतिशत, भरतपुर में 23.11 प्रतिशत और जोधपुर जोन में 18 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया। राज्य के 693 बांधों में से 304 बांध खाली, 384 बांध आंशिक रूप से भरे हुए हैं, जबकि 5 बांध पूरी तरह भर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में राज्य के बांधों में जलभराव 53.67 प्रतिशत था, जबकि इस वर्ष यह 44.20 प्रतिशत है।

Comment List