Weather Update : आज से और बढ़ेगी सर्दी, कल जयपुर और अजमेर संभाग में हो सकती है बारिश
सीकर में 4 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान
जयपुर। प्रदेश के तापमान में गिरावट का दौर लगातार जारी है। दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट आई है। इससे सर्दी का असर बढ़ गया है वहीं प्रदेश में फिर से बारिश के आसार बने हैं। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 27-28 नवंबर को दो दिन राज्य के कुछ भागों में बादल छाए रहने व मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। पहले दिन 27 नवंबर को जोधपुर, उदयपुर व अजमेर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
इस सिस्टम के असर से 28 नवंबर को अजमेर, जयपुर संभाग व आस-पास के क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इस बीच प्रदेश के शेखावाटी इलाके में फिर से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है और ऐसे में बीती रात सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान दो डिग्री गिरकर 2.9 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में न्यूनतम तापमान गिरकर 4 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान गिरकर 11.6 डिग्री और बुधवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया।

Comment List