Weather Update : जयपुर-भरतपुर संभाग में बारिश के आसार, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
पश्चिमी राजस्थान में मानसून कमजोर बना रहेगा
जयपुर। राजस्थान में कमजोर पड़े मानसून के बीच अब एक बार फिर बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी झारखंड और आसपास के उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर एरिया अगले 24 घंटे में उत्तरी मध्यप्रदेश और दक्षिणी उत्तरप्रदेश की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। आज बुधवार को जयपुर और भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। 3 सितंबर को जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के साथ शेखावाटी क्षेत्र में भी हल्की-मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 4 से 7 सितंबर तक जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। 4 और 5 सितंबर को कोटा संभाग और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश के साथ भारी बारिश भी हो सकती है।
वहीं, पश्चिमी राजस्थान में मानसून कमजोर बना रहेगा। हालांकि 4 से 6 सितंबर के बीच बीकानेर संभाग और शेखावाटी के कुछ हिस्सों में हल्की-मध्यम बारिश संभव है। 8 सितंबर से प्रदेश में फिर बारिश की गतिविधियों में कमी आने की प्रबल संभावना है।

Comment List