Weather Update : जयपुर सहित कई जिलों में बारिश का दौर जारी, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली
जयपुर। राजधानी जयपुर में बुधवार दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। शहर के कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई। कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश होने से सड़कों पर पानी भर गया और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। उधर, कोटा के इटावा में नोनेरा-ऐबरा बांध के तीन गेट करीब पांच मीटर तक खोल दिए गए हैं। बांध से 32 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। इससे आसपास के इलाकों में जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी हुई है। इससे पहले मंगलवार को राजस्थान के पूर्वी हिस्से में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बूंदी, कोटा, झालावाड़, सवाई माधोपुर, दौसा और टोंक के कई इलाकों में तीन इंच तक बारिश हुई। तेज बारिश के चलते तालाब, बांध और एनिकट छलक गए। वहीं धौलपुर में नदी में बहाव के दौरान एक युवक के बहने की सूचना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून ट्रफ लाइन अब उत्तर भारत की ओर ऊपर खिसक गई है। इसके चलते 27 अगस्त से 2 सितंबर के बीच पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी आगामी एक सप्ताह मानसून कमजोर रहने के आसार हैं।

Comment List