Weather Update : जयपुर सहित कई जिलों में बारिश का दौर जारी, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना
जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी से बने नए मौसम तंत्र के असर से शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 4-5 सितंबर को दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जयपुर समेत भरतपुर, कोटा, अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में आज मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। जयपुर में सुबह से घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुककर हल्की बारिश हुई। इससे मौसम सुहावना हुआ और गर्मी-उमस से राहत मिलने की संभावना है। उधर, सवाई माधोपुर, दौसा और झालावाड़ समेत कई जिलों में बारिश का असर अधिक रहा। सवाई माधोपुर के खंडार में 130 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रणथंभौर क्षेत्र में शेरपुर-खिलचीपुर रपट पर पानी आने से रास्ता बंद करना पड़ा, जबकि शहर के कई इलाकों में जलभराव हुआ।
झालावाड़ में लगातार बारिश के बाद कालीसिंध और छापी बांध के कुल पांच गेट खोले गए हैं। बारां में सिरसा नदी भी उफान पर है। मौसम विभाग के अनुसार 5 सितंबर को भरतपुर और कोटा संभाग में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। 6-7 सितंबर से भारी बारिश की गतिविधियां कम होने लगेंगी, जबकि 8 सितंबर से प्रदेश में बारिश में व्यापक कमी की संभावना है।

Comment List