Weather Update : जयपुर सहित कई जिलों में बारिश का दौर जारी, 24 जिलों में येलो अलर्ट
लोगों को गर्मी से राहत मिली
जयपुर। राजस्थान में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। जयपुर सहित कई जिलों में शुक्रवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। जयपुर समेत अजमेर, दौसा, अलवर और कई अन्य जिलों में बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, वहीं अजमेर में बारिश के दौरान स्कूल की दीवार ढहने से तीन कारें मलबे में दब गईं। जयपुर में शुक्रवार शाम से शुरू हुई बारिश शनिवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रही। बारिश के कारण राजधानी के तापमान में करीब 7 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। उधर, अलवर और दौसा में तेज बारिश के बाद कई सड़कें जलमग्न हो गईं। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने प्रदेश के तीन जिलों धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 24 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट है। तेज बारिश की चेतावनी को देखते हुए झालावाड़ और करौली में शनिवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

Comment List