प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि के कारण बढ़ी सर्दी : तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम
लगभग जा चुकी सर्दी फिर से लौट आई
जयपुर समेत कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि के बाद सर्दी बढ़ गई, तापमान में 10 डिग्री तक गिरावट दर्ज हुई। सुबह कोहरा भी रहा। मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अब अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा, दिन में धूप निकलेगी और तापमान में बढ़ोतरी होगी।
जयपुर। राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि के कारण सर्दी बढ़ गई है। तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट आई है। ऐसे में लगभग जा चुकी सर्दी फिर से लौट आई है। वहीं राजस्थान में दो दिन हुई बारिश और ओले गिरने के बाद आज मौसम साफ है। हालांकि, सुबह कई जिलों में घना कोहरा रहा। कोटपूतली-बहरोड़, अजमेर, कोटा सहित कई जिलों में विजिबिलिटी 50 मीटर के करीब रही।
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार आज से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल बारिश का अलर्ट नहीं है। पिछले 24 घंटे में जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, दौसा, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, भीलवाड़ा, टोंक, अजमेर, चित्तौड़गढ़ समेत अन्य जिलों में बारिश भी हुई। यहां फसलों को भी नुकसान हुआ है।
अब आगे क्या ?
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- पश्चिमी विक्षोभ का असर आज राजस्थान में नहीं रहेगा। अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा और दिन में धूप निकलेगी और तापमान में बढ़ोतरी होगी। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर संभाग के एरिया में आज कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रह सकते है। उन्होंने बताया- राज्य में अगले 5 दिन मौसम साफ रहेगा।

Comment List