Weather Update : जयपुर सहित कई जिलों में बारिश का दौर जारी, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
कई निचले इलाकों में जलभराव
जयपुर। प्रदेश में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी जयपुर में गुरुवार देर रात शुरू हुई बारिश का दौर आज शुक्रवार को भी जारी रहा, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खराब मौसम के कारण देर रात जयपुर आने वाली दो उड़ानों की लैंडिंग भी प्रभावित हुई। लगातार बारिश से दिन और रात के तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। भरतपुर के नदबई में सुबह तेज बारिश के बीच दो मकानों का बड़ा हिस्सा ढह गया। इससे एक दिन पहले डीग के घिलावट गांव में भी दो मंजिला मकान गिर गया था। वहीं धौलपुर में पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन ने सतर्कता अलर्ट जारी किया है।
चूरू के सादुलपुर में लगातार बारिश से कई घरों में पानी घुस गया और एक जगह सीवरेज लाइन धंसने से हालात और बिगड़ गए। मौसम विभाग के अनुसार, 7 से 10 अगस्त के बीच पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी। 7 से 9 अगस्त के दौरान कोटा और उदयपुर संभाग में कुछ स्थानों पर अतिभारी बारिश की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी मध्यम से तेज बारिश होने के आसार हैं। विभाग ने संकेत दिए हैं कि 15 अगस्त के बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं।

Comment List