Weather Update : राजस्थान में मौसम का बदलेगा मिजाज, 18 अक्टूबर तक बारिश की संभावना
दूदू में सर्वाधिक 36 मिमी बारिश रिकॉर्ड
जयपुर। राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान जयपुर जिले के दूदू में सर्वाधिक 36 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 17 अक्टूबर को भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। भरतपुर, कोटा, जयपुर और अजमेर संभाग के कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। वहीं, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में 18 अक्टूबर को भी मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 19 अक्टूबर से प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में आगामी पांच से छह दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में 23 और 24 अक्टूबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।

Comment List