Weather Update : राजस्थान में तीन दिन मौसम रहेगा साफ, 24 अक्टूबर से फिर बारिश के आसार
दक्षिणी जिलों में मौसम का मिजाज बदला
जयपुर। राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश का दौर अब थमने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से अगले तीन दिन तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, 24 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके प्रभाव से बीकानेर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन, तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं। अरब सागर से आ रही नमी युक्त हवाओं के प्रभाव से बीते दिन भी राजस्थान के दक्षिणी जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहा। कई स्थानों पर आंधी और बारिश हुई, जबकि कुछ क्षेत्रों में ओले भी गिरे। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है और मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है।
'30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं ' मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 अक्टूबर को नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर संभाग और आसपास के इलाकों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं बादल गरजने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। फिलहाल प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद नए सिस्टम के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।

Comment List