पत्नी ने परिचित संग मिलकर की पति की हत्या, पुलिस ने दोनों को दबोचा
हत्या का शक न हो, इसलिए जूस में मिलाकर पिलाई सेल्फॉस की गोलियां
जयपुर। विश्वकर्मा थाना पुलिस ने महेश मीणा हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसकी पत्नी कविता मीणा और उसके सहयोगी परिचित गणेश मीणा को गिरफ्तार किया है। तबीयत बिगड़ने पर उसे सड़क नंबर 14 पर बुलाया गया, जहां से परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गिरफ्तार आरोपी कविता मीणा (23) निवासी विश्वकर्मा हाल शिवदासपुरा और गणेश मीणा (27) निवासी शिवदासपुरा का रहने वाला है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि 16 अगस्त को बाबूलाल मीणा निवासी उदक पापड़ जयपुर ने रिपोर्ट दी कि 5 अगस्त को महेश की पत्नी कविता दवाई दिलवाने के बहाने मोटरसाइकिल से बोराज चाकसू ले गई। वहां से वह उसे नईनाथ धाम बस्सी ले गई और पूर्व योजना के तहत जूस में सेल्फॉस की गोलियां मिलाकर पिला दीं। इसके बाद तबीयत बिगड़ने पर कविता ने अपने सहयोगी गणेश मीणा को बुलाया। दोनों महेश को मोटरसाइकिल से सड़क नंबर 14 लेकर पहुंचे। बाद में महेश को सीकेएस अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

Comment List