झुग्गी झोंपड़ी में रहने वाली महिला ने चोरी किए थे करोड़ों रुपए कीमत के रत्न, गिरफ्तार
200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पकड़ा
जयपुर। ई-रिक्शा में सफर के दौरान जेमस्टोन कारोबारी के करोड़ों रुपए के कीमती रत्न चोरी करने के मामले में माणक चौक थाना पुलिस और डीएसटी उत्तर की टीम ने गुजरात की महिला को बापर्दा गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर दो करोड़ रुपए से अधिक कीमत का चोरी हुआ माल बरामद किया है। पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा ने बताया कि परिवादी ने रिपोर्ट दी कि गत 15 अक्टूबर दोपहर 2.21 बजे वह गोपालजी के रास्ते से सांगानेरी गेट ई-रिक्शा में जा रहा था। उसके पास व्यापारियों के कीमती माल के 13 पैकेट थे, जो इस दौरान चोरी हो गए थे।
200 कैमरों की फुटेज से मिला सुराग: वारदात के समय परिवादी को न ई-रिक्शा का नंबर याद था और न ही किसी संदिग्ध की जानकारी थी। ऐसे में पुलिस ने पारंपरिक पुलिसिंग, तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की मदद ली। माणक चौक थानाधिकारी राकेश ख्यालिया और डीएसटी प्रभारी दिलीप सोनी के नेतृत्व में गठित टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। इस दौरान एक संदिग्ध महिला की पहचान हुई। सायपुरा की झुग्गी-बस्ती में छिपी महिला को दबिश देकर गिरफ्तार किया।

Comment List