गणगौरी अस्पताल में हुई महिला की जटिल सर्जरी, 84 साल की बुजुर्ग महिला के पेट से निकाली पांच किलो की गांठ
करीब 4 घंटे चले ऑपरेशन के बाद महिला ठीक है
जयपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय गणगौरी अस्पताल में 84 वर्षीय बुजुर्ग महिला के पेट से 5 किलो की गांठ सफलतापूर्वक निकाली गई। सीनियर सर्जन डॉ. मुकेश कुमार शर्मा और टीम ने चार घंटे में सर्जरी पूरी की। महिला को मोशन संबंधी समस्या के बाद जांच में बड़ा रेट्रोपेरिटोनियल ट्यूमर मिला था। ऑपरेशन के बाद महिला पूरी तरह स्वस्थ है।
जयपुर। राजधानी जयपुर के पं. दीनदायाल उपाध्याय गणगौरी अस्पताल में 84 साल की बुजुर्ग महिला के पेट से 5 किलो वजन की गांठ निकाली गई है। करीब 4 घंटे चले ऑपरेशन के बाद महिला ठीक है और उसे हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई। हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. लीनेश्वर हर्षवर्धन ने बताया कि सीनियर लेप्रोस्कॉपिक सर्जन डॉ. मुकेश कुमार शर्मा और उनकी टीम ने ये सर्जरी की। महिला को लेकर परिजन 13 अक्टूबर को हॉस्पिटल की ओपीडी में दिखाने आए। तब महिला को मोशन और टॉयलेट नहीं होने की शिकायत थी।
सोनोग्राफी, सीटी स्कैन की जांच रिपोर्ट देखी तो महिला के पेट में बड़ी गांठ होने का पता चला। डॉ. मुकेश ने बताया कि जब महिला की जांच रिपोर्ट देखी तो उसमें पता चला कि महिला के पेट में बड़ा रेट्रोपेरिटोनियल ट्यूमर है। यह पेट के निचले हिस्से और बच्चेदानी से चिपका हुआ है। ये करीब 25 बाई 20 सेमी में फैला था और वजन में करीब 5 किलोग्राम का था। ऐसे में हमारी टीम ने ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया। चार घंटे की सर्जरी में मरीज के पेट पर 10 सेमी का चीरा लगाया गया।

Comment List