आमेर महल में फिर शुरू हुई विश्व प्रसिद्ध हाथी सवारी, पर्यटकों को मिलेगा शाही अंदाज का अनुभव
सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक उठा सकेंगे लुत्फ
जयपुर । आमेर महल में शारदीय नवरात्रि के चलते बंद की गई हाथी सवारी का संचालन फिर से शुरू हो गया है। इसके साथ ही देशी-विदेशी पर्यटक एक बार फिर हाथी पर बैठकर राजसी ठाठ-बाट का अनुभव कर सकेंगे। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की व्यवस्था को देखते हुए हाथी सवारी बंद करने के साथ आमेर महल के संचालन समय में भी बदलाव किया गया था। आमेर महल अधीक्षक राकेश छोलक ने बताया कि अब हाथी सवारी नियमित रूप से सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक संचालित होगी।
वहीं, आमेर महल में पर्यटक सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक भ्रमण कर सकेंगे। लाइट एंड साउंड शो भी निर्धारित समय पर होगा। अंग्रेजी भाषा में शो शाम 6:30 से 7:30 बजे तक और हिंदी में शाम 7:30 से 8:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। वरिष्ठ टूरिस्ट गाइड महेश कुमार शर्मा ने बताया कि पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ आमेर की हाथी सवारी पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। यह जयपुर की ऐतिहासिक विरासत और राजसी परंपरा का प्रतीक है।

Comment List