रॉन्ग साइड कार ने मचाया हड़कंप : 7 से ज्यादा वाहनों को मारी टक्कर, बच्ची को बचाने में पिता घायल
बाइक सवार परिवार को दो बार मारी टक्कर
जयपुर। आमेर थाना इलाके में रविवार रात रॉन्ग साइड से आई तेज रफ्तार कार ने सड़क पर हड़कंप मचा दिया। कुंडा के पास कार ने पहले बाइक सवार परिवार को टक्कर मारी।
इसके बाद, चालक ने कार पीछे लेकर बाइक को दोबारा टक्कर मारी और भागने के दौरान एक अन्य कार समेत आधा दर्जन से ज्यादा वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची को बचाने के प्रयास में उसके पिता वेद प्रकाश सैनी घायल हो गए। लोगों ने कार का पीछा किया तो चालक कार को सुनसान जगह छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे कार ने बाइक को टक्कर मारी थी। इसके बाद चालक ने भागने का प्रयास किया और एक अन्य कार को भी टक्कर मार दी। कुछ बाइक सवारों ने कार का पीछा किया तो चालक उसे सुनसान जगह छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और उसके नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर मामले की जांच की जा रही है।
बच्ची को बचाने में पिता के हाथ-पैर में चोट :
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे कुंडा के पास रॉन्ग साइड से आई कार ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार सड़क पर गिर गए। चालक ने कार रोकने के बजाय उसे पीछे लिया और बाइक को फिर टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक पर सवार बच्ची को बचाने के प्रयास में उसके पिता वेद प्रकाश सैनी घायल हो गए।

Comment List