मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग पर जीरो टॉलरेंस, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
विद्यार्थियों की काउंसलिंग और गोपनीय रूप से उनकी समस्याएं सुनने पर जोर
जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की घटनाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए जीरो टॉलरेंस की नीति की पालना के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के साथ रैगिंग, दुर्व्यवहार, मानसिक या शारीरिक उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी विद्यार्थियों के साथ लापरवाही बरतने वाले संस्थान के जिम्मेदार अधिकारियों पर भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई होगी। मंत्री ने चिकित्सा शिक्षा विभाग और राजमेस के अधिकारियों को सभी सरकारी व निजी मेडिकल कॉलेजों में एंटी रैगिंग एक्शन प्लान प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए।
शिकायत मिलते ही निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर कार्रवाई करने तथा पीड़ित विद्यार्थी की पहचान और परिवार की जानकारी गोपनीय रखने को कहा। उन्होंने कॉलेज परिसरों और छात्रावासों में सीसीटीवी की नियमित निगरानी, डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा एंटी रैगिंग कमेटी और स्क्वॉड को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। नए विद्यार्थियों की काउंसलिंग और गोपनीय रूप से उनकी समस्याएं सुनने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता पर दबाव बनाने या धमकाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। विद्यार्थियों को भयमुक्त और सम्मानजनक माहौल उपलब्ध कराना कॉलेज प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Comment List