28 लाख लगे, उद्घाटन भी नहीं हुआ, अब बंद होने की तैयारी
तीन साल बाद ई-बसों के दौर में अनुपयोगी हुआ सिटी बस स्टॉप
कोटा। शहर में एक तरफ जहाँ पब्लिक ट्रांसपोर्ट में 'पीएम ई-बस सेवा' के तहत 100 नई इलेक्ट्रिक एसी (AC) बसों के साथ एक नई क्रांति की शुरुआत होने जा रही है, वहीं दूसरी तरफ नगर निगम कोटा की पुरानी लचर प्लानिंग का एक बड़ा खामियाजा सामने आ रहा है। अगस्त महीने से शहर की सड़कों पर 40 नई ई-बसें दौड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन इस बड़े बदलाव के बीच रामचंद्रपुरा- संजय नगर(80 फीट रोड) रोड़ स्थित सिटी बस स्टैंड अब पूरी तरह वीरान होने की कगार पर पहुँच गया है।
28 लाख की लागत बेकार, उद्घाटन से पहले ही खस्ताहाल
लगभग तीन साल पहले, पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल के दौरान करीब 28 लाख रुपए की लागत से इस सिटी बस स्टैंड का निर्माण कराया गया था। लेकिन विभागीय उदासीनता और तत्कालीन कारणों के चलते आज तक इस बस स्टैंड का उद्घाटन तक नहीं नसीब हो सका। स्थानीय पार्षद किशन प्रजापति ने बताया कि 2022 में तैयार हाेने के बाद से ही इसका उद्घाटन ही नहीं हुआ,वर्तमान में इस स्टैंड के मुख्य गेट के पास की दीवार भी टूटी हुई है, जिसे ठीक कराने की जहमत तक नहीं उठाई गई है।
क्यों खत्म हो जाएगी उपयोगिता?
इस डिपो की बस क्षमता 30 है जहां नगर निगम के बेड़े में शामिल 28 लो-फ्लोर बसें आराम से खड़ी हुआ करती है। लेकिन उनके हटने के बाद यह स्टैंड पूरी तरह अनुपयोगी हो जायेगा । शहर में आने वाली नई आधुनिक ई-बसों के संचालन और उनके रात्रि ठहराव के लिए सबसे पहली जरूरत 'बेसिक चार्जिंग स्टेशन' का होना है। चूंकि नई बसों को खड़े रहने के दौरान ही चार्ज करने का प्रावधान होता है,जबकि 80 फीट रोड स्थित इस बस स्टैंड पर चार्जिंग की कोई सुविधा विकसित ही नहीं की गई है। इसलिए यहाँ नई ई-बसों का ठहराव संभव ही नहीं है।
28 लाख लगाए थे, 3 साल बाद अनुपयोगी
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनता का कहना है कि जब सरकार प्रदूषण मुक्त शहर बनाने के लिए 28 पुरानी डीजल बसों को हटाकर नई बसें ला रही है, तो ऐसे में पुराने बस स्टैंड पर भी ई-बसों के लिए चार्जिंग सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए थीं, ताकि हाल ही विकास के लिए खर्च किए गये 28 लाख रूपये का सही उपयोग हो सके और यह जगह वीरान होने से बच सके। फिलहाल, बिना चार्जिंग पॉइंट के यह बस स्टैंड महज़ एक सफेद हाथी बनकर रह जायेगा।
प्राइमरी स्टेज में सुभाष नगर में बनायें गए ई बस चार्जिंग स्टेशन पर ही बसों का ठहराव रखने के लिए इसे तैयार किया गया है। 80 फीट रोड़ वाले स्टॉप के बारे में फिलहाल में कोई नई योजना पर काम नहीं चल रहा है। इसके बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं है।
- एक्यू कुरैशी, अधिशासी अभियंता नगर निगम कोटा
14 साल पहले यूआईटी द्वारा तैयार किया गया यह सिटी बस स्टैण्ड़ शहर के बीचो बीच स्थित है,साथ ही यहां सामने चौड़ा सडक मार्ग है। पास ही नया रोडवेज का बस स्टैण्ड़ है ऐसे में इसे भी नई आवश्यकताओं के रूप में विकसित करना चाहिए।
-इसरार मोहम्मद पाषर्द वार्ड़ 43

Comment List