असर खबर का : शिक्षकों की 44 दिन की उपस्थिति का सुलझा पेंच, अब मिलेंगे सभी परिलाभ
अब प्रथम नियुक्ति 6 जुलाई होगी निर्धारित, अवकाश व वेतन मिलेंगे
कोटा। आरपीएससी की ओर से आयोजित वरिष्ठ अध्यापक भर्ती-2024 में चयनित हुए 1644 अभ्यर्थियों की डाइट में दी गई 44 दिन की उपस्थिति का पेंच सुलझ गया है। अब डाइट में ओरिएंटेशन प्रोग्राम में इन शिक्षकों द्वारा बिताई गई डेढ़ माह की अवधि को सरकार ने सेवाकाल माना है। ऐसे में अब उन्हें अब सभी परिलाभ मिल सकेंगे। निदेशालय द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए जाने से शिक्षकों के चेहरे खुशी से चमक उठे। बता दें, दैनिक नवज्योति ने गत 2 सितम्बर को शिक्षकों की 44 दिन की उपस्थिति पर फंसा पेंच...शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर नवचयनित शिक्षकों की पीड़ा से सरकार को अवगत कराया था। इस पर संज्ञान लेते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग बीकानेर ने 16 सितम्बर को आदेश जारी कर शिक्षकों को राहत प्रदान की।
प्रथम नियुक्ति व परिलाभ 6 जुलाई से
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय बीकानेर की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी (नियुक्ति) अरविंद व्यास ने असमंजस की स्थिति को स्पष्ट करते हुए संयुक्त निदेशक जयपुर को इस संबंध में आदेश जारी किए। जिसमें बताया गया कि नवचयनित 1644 अभ्यर्थियों की प्रथम नियुक्ति तिथि एवं परिलाभ 6 जुलाई से निर्धारित करते हुए आगामी कार्यवाही करने के लिए कहा गया है। साथ ही बताया कि शिक्षकों की प्रथम नियुक्ति 6 जुलाई से मानी जाती है तो यह स्पष्ट है कि ओरिएंटेशन प्रोग्राम में उपस्थित होने वाले समस्त राजकीय कार्मिक बन गए हैं। ऐसे में अवकाश व वेतन भुगतान राजस्थान सेवा नियम के अनुसार ही किया जाना है।
यह था मामला
वरिष्ठ अध्यापक भर्ती-2024 में 1644 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। जिन्हें निदेशालय बीकानेर एवं संबंधित संयुक्त निदेशक द्वारा उन्हें 6 जुलाई से अपने-अपने संभागवार डाइट कार्यालय में आयोजित ओरिएंटेशन प्रोग्राम (ट्रैनिंग) में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद 18 अगस्त को संयुक्त निदेशकों द्वारा स्कूल आवंटन का आदेश जारी होने से इन्हें डाइट से कार्यमुक्त करते हुए संबंधित स्कूलों में कार्यग्रहण करने के लिए भेजा गया। वरिष्ठ अध्यापकों ने 6 जुलाई से 18 अगस्त तक डाइट में नियमित रूप से उपस्थिति दी। स्कूलों में कार्यग्रहण करने के बाद कई स्कूल प्रशासन की ओर से उनकी पदस्थापन तिथि 19 अगस्त से दर्ज की गई थी। जिससे चयनित शिक्षकों में डाइट में दी गई 44 दिनों की उपस्थिति को किस अवधि में माना जाएगा, इसको लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी।
नवज्योति बनी आवाज, शिक्षकों ने जताया आभार
चयनित वरिष्ठ अध्यापकों को 18 अगस्त को स्कूल आवंटित किए गए थे, जहां कार्यग्रहण तिथि 19 अगस्त मानी गई थी। जबकि, यह शिक्षक शिक्षा विभाग के आदेशानुसार 6 जुलाई से संबंधित जिले की डाइटों में 44 दिन ओरिएंटेशन कार्यक्रम में उपस्थित रहे थे। इस अवधि को शिक्षा विभाग ने सेवाकाल में शामिल नहीं किया था। शिक्षक संघ रेसटा ने समाधान की मांग की थी। इस पर दैनिक नवज्योति ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद माध्यमिक शिक्षा निदेशालय से आदेश जारी हो गए है, अब इन 44 दिनों के सभी परिलाभ चयनित अभ्यर्थियों को मिलेंगे। शिक्षकों ने दैनिक नवज्योति का आभार जताया।
-मोहर सिंह सलावद, प्रदेशाध्यक्ष शिक्षक संघ रेसटा

Comment List