असर खबर का : तीसरे दिन भी शंभुपुरा में मेडिकल कैम्प, लोगों को मिला इलाज
जांच के साथ लोगों को साफ-सफाई और बचाव की दी जानकारी
कोटा। नगर निगम के वार्ड-1 शंभूपुरा में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीसरे दिन शुक्रवार को भी मेडिकल कैम्प लगाया। मरीजों का इलाज कर आवश्यक दवाइयां दी। वहीं, आशा सहयोगिनियां व नर्सिंग स्टाफ ने घर-घर सर्वे कर मौसमी बीमारियो से बचाव के लिए एंटी लार्वा एक्टिवीटी की। नांता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. ललित शर्मा ने बताया कि सुबह चिकित्सा टीम ने शंभुपुरा पहुंची और लोगों की बीपी, शुगर जांचा और टीकाकरण भी किया। उन्होंने कहा कि तीसरे दिन फोड़े-फूंसी के मरीज नहीं मिले हैं। पुराने मरीजों का फोलोअप किया। साथ ही बीमारियों के कारण व बचाव के उपाय बताए।
ब्लॉक हैल्थ सुपरवाइजर मोहम्मद आलम ने बताया कि टीम ने 180 घरों का सर्वे किया, एक भी घर में लार्वा नहीं पाया गया। 230 कंटेनर चैक किए, जिसमें से 8 को खाली करवाया।
डॉ. अभिमन्यू शर्मा ने बताया कि नांता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीन आने वाले आउटरीच क्षेत्रों में चिकित्सा विभाग की टीमें लगातार मेडिकल कैम्प कर रही है। मरीजों का इलाज के साथ बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। गरुवार को शंभुपरा के राजकीय विद्यालय में स्कूली बच्चों को मौसमी बीमारियों से बचाव के तरीके, बीमारियां फैलने के कारणों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए फेम्पलेट भी बांटे गए हैं।
इलाज मिला तो बाशिंदो को मिली राहत
शंभुपुरा वासियों की पीड़ा दैनिक नवज्योति में प्रकाशित होने के बाद से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा इलाके में लगातार मेडिकल कैम्प लगाया जा रहा है। जिसमें मरीजों के स्वास्थ्य की जांच होने और आवश्यक दवाइयां मिलने से लोगों को बीमारियों से काफी राहत मिली। ग्रामीणों ने नवज्योति का आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि नवज्योति ने 30 सितम्बर को शहरी सीमा में यह कैसा नर्क व 1 अक्टूबर को इलाज कराएं या दिहाड़ी बचाएं और 2 अक्टूबर को घर में कीचड़, बीमारियों के ढेर पर जलता चूल्हा, ऐसे जी रहा शंभुपरा ...शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और मरीजों के बीच पहुंचा।

Comment List