डेढ़ माह से बंद पुलिस वेरिफिकेशन की वेबसाइट : विद्यार्थी, नौकरीपेशा और आमजन लगा रहे थानों व ई-मित्र के चक्कर
चरित्र प्रमाण पत्र से लेकर नौकरी तक के काम अटके
कोटा। राजस्थान पुलिस की ऑनलाइन नागरिक सेवाएं आमजन के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का सबब बन गई हैं। पुलिस वेरिफिकेशन से जुड़ी वेबसाइट पिछले करीब डेढ़ माह से बंद पड़ी है। इसके चलते चरित्र प्रमाण पत्र, नौकरी के लिए पुलिस सत्यापन, पासपोर्ट, किराएदार और घरेलू सहायकों के वेरिफिकेशन सहित कई जरूरी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। विद्यार्थी, नौकरी की तैयारी कर रहे युवा और नौकरीपेशा लोग जरूरी दस्तावेजों के लिए ई-मित्र केंद्रों से लेकर पुलिस थानों तक के चक्कर काटने को मजबूर हैं। अधिकारियों के अनुसार वेबसाइट को सीसीटीएनएस से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन इसके चलते नागरिकों को हो रही परेशानी का फिलहाल कोई स्थायी समाधान नहीं मिल पाया है।
नौकरी और पढ़ाई के दस्तावेज अटके
पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र की जरूरत सबसे अधिक विद्यार्थियों और नौकरी पाने वाले युवाओं को पड़ रही है। कॉलेज, विश्वविद्यालय, छात्रावास और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश के दौरान चरित्र प्रमाण पत्र मांगा जाता है। वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों तथा सरकारी और निजी संस्थानों में नियुक्त होने वाले युवाओं को ज्वाइनिंग प्रक्रिया पूरी करने के लिए पुलिस वेरिफिकेशन करवाना पड़ता है। वेबसाइट बंद होने से निर्धारित समय सीमा में प्रमाण पत्र जमा करवाने में दिक्कत आ रही है। इसके अलावा पासपोर्ट बनवाने और नवीनीकरण, मकान मालिकों द्वारा किराएदारों तथा परिवारों द्वारा घरेलू नौकरों और मेड का सत्यापन करवाने की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।
ई-मित्र से थाने तक चक्कर
पहले राजस्थान पुलिस सिटीजन पोर्टल, एसएसओ आईडी और राजस्थान पुलिस सिटीजन एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने तथा सत्यापन की स्थिति देखने की सुविधा थी। ई-मित्र केंद्रों से भी आवेदन किए जा सकते थे। इससे लोगों को थानों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ते थे। अब वेबसाइट बंद होने से ई-मित्र संचालक आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। थानों में पहुंचने पर भी कई आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी जा रही है।
डेढ़ माह से प्रमाण पत्र के लिए परेशान
पीड़ित मुकेश शर्मा ने बताया कि बच्चे का चरित्र प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई बार ई-मित्र केंद्र गए, लेकिन वहां पुलिस की वेबसाइट बंद होने की बात कहकर लौटा दिया गया। थाने पहुंचे तो ऑनलाइन आवेदन करने के लिए कहा गया। इस तरह डेढ़ माह से ई-मित्र और थाने के चक्कर काटने के बावजूद प्रमाण पत्र नहीं बन पाया है।
सीसीटीएनएस से जोड़ने की प्रक्रिया जारी
एएसपी मुख्यालय कोटा शहर चंचल मिश्रा ने बताया कि कोटा ही नहीं, राजस्थान के सभी जिलों में पुलिस वेरिफिकेशन की वेबसाइट प्रभावित है। इसे सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। इस संबंध में मुख्यालय को भी सूचना दी गई है। उम्मीद है कि पांच से सात दिन में वेबसाइट शुरू हो जाएगी। फिलहाल ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने पर उनका ऑफलाइन सत्यापन किया जा रहा है।

Comment List