Voice Of Youth : नन्हे कंधों पर भारी बस्ते, बचपन पर पढ़ाई का बोझ!
निजी स्कूलो की मनमानी पर रोक लगाने की उठी मांग
कोटा । बच्चों के हाथों में खिलौने होने चाहिए या भारी-भरकम बस्ते? जिस उम्र में उन्हें खेलते-कूदते, हंसते-मुस्कुराते हुए दुनिया को समझना चाहिए, उस उम्र में वे किताबों, कॉपियों और होमवर्क के बोझ तले दबते नजर आ रहे हैं। शिक्षा का उद्देश्य बच्चों को बेहतर भविष्य देना है, न कि उनका बचपन छीनना। दैनिक नवज्योति के 'वॉयस ऑफ यूथ' में युवाओं ने इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि छोटे बच्चों की पढ़ाई उम्र और सीखने की क्षमता के अनुरूप होनी चाहिए। पढ़ाई को बोझ बनाने के बजाय खेल, कहानियों, चित्रों और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की जरूरत है।
छोटे बच्चों पर बोझ डालना गलत
छोटे बच्चों पर पढ़ाई का अत्यधिक बोझ डालना गलत है। इससे उनकी मानसिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। शिक्षा का उद्देश्य बच्चों पर दबाव बनाना नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर इंसान बनाना और उनका भविष्य संवारना होना चाहिए। बचपन जीवन का सबसे महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान बच्चों पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय उनकी प्रतिभा को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। बच्चे खुश और मानसिक रूप से स्वस्थ रहेंगे, तभी वे बेहतर ढंग से सीख सकेंगे।
-अलशिफा शेख, स्टूडेन्ट
बचपन किताबों और परीक्षाओं तक सीमित नहीं
बचपन जीवन का सबसे अनमोल समय होता है। इस उम्र में बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास तेजी से होता है। ऐसे में जरूरत से ज्यादा किताबों, होमवर्क और पढ़ाई का बोझ उनकी सोचने-समझने की क्षमता और मानसिक विकास को प्रभावित कर सकता है। बच्चों का बचपन केवल किताबों और परीक्षाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्हें खुलकर खेलने, नई चीजें सीखने और अपनी रुचि के अनुसार गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलना चाहिए।
-भवदीप मीणा, स्टूडेन्ट
निजी स्कूलों की मनमानी पर लगे रोक
कई निजी स्कूल अपनी मनमर्जी से बच्चों के लिए जरूरत से ज्यादा किताबें मंगवाते हैं। इससे न केवल उनके स्कूल बैग का वजन बढ़ता है, बल्कि कम उम्र में उन पर अनावश्यक पढ़ाई का दबाव भी बनता है। स्कूलों की ऐसी मनमानी पर रोक लगनी चाहिए और बच्चों के पाठ्यक्रम को उनकी उम्र तथा जरूरत के अनुसार निर्धारित किया जाना चाहिए। स्कूल का माहौल आनंददायक और तनावमुक्त होगा, तो बच्चे खुद नई चीजें सीखने और स्कूल आने के लिए उत्साहित होंगे।
-मोहम्मद वली खान, स्टूडेन्ट
खेल-खेल में मिले शिक्षा तो बढ़ेगी रुचि
बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ खेल-खेल में शिक्षा देना भी जरूरी है। पढ़ाई जब मनोरंजक और रोचक तरीके से कराई जाती है, तो बच्चे उसे बोझ नहीं समझते, बल्कि उत्साह के साथ सीखते हैं। कहानियों, खेलों, चित्रों, संगीत, पहेलियों और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से कठिन विषय भी आसानी से समझाए जा सकते हैं। इससे बच्चों की कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सोचने-समझने की क्षमता विकसित होती है।
-नोशीन अली, स्टूडेन्ट

Comment List