चीन की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट: 21 लोगों की मौत, 60 से ज्यादा लोग घायल, बचाव और राहत कार्य जारी
घायलों के उपचार के लिए करीब 500 कर्मचारी तैनात
चीन के हुनान प्रांत स्थित दुनिया के सबसे बड़े पटाखा हब, लियूयांग में हुए भीषण विस्फोट में 21 लोगों की मौत और 61 घायल हो गए। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लापता लोगों की तलाश और घायलों के इलाज के लिए 500 कर्मियों और रोबोटिक टीम को तैनात किया है। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की इमारतों की खिड़कियां तक टूट गईं।
हुनान। चीन के हुनान प्रांत में एक पटाखा कारखाने में विस्फोट होने से 21 लोगों की मौत हो गयी है और 61 घायल हो गये हैं। चीन की सरकारी मीडिया के अनुसार विस्फोट में 21 लोगों की मौत हो गयी है और 61 लोग घायल हुये हैं। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी है कि हुनान प्रांत के लियूयांग शहर के हुआशेंग पटाखा संयंत्र में यह विस्फोट सोमवार को स्थानीय समयानुसार लगभग 16:40 बजे हुआ। बचाव दल ने मुस्तैदी दिखाते हुये संयंत्र के तीन किलोमीटर के दायरे में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रशासन ने खोज और बचाव अभियान चलाने के लिये तत्काल अधिकारियों की तैनाती की तथा घायलों के उपचार के लिए करीब 500 कर्मियों को भी तैनात किया।
रोबोट की मदद से पटाखा कारखाने की इमारत के भीतर फंसे लोगों को ढूंढने का काम किया गया। स्थानीय पुलिस ने विस्फोट के कारणों की जांच का काम आरंभ कर दिया है और इस दौरान पटाखा कंपनी के प्रभारी व्यक्ति से भी पूछताछ की गयी है। रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने जानकारी दी कि कारखाना परिसर के भीतर स्थित बारूद के दो गोदाम बचाव कार्यों के दौरान उच्च जोखिम पैदा कर रहे थे। बचाव दलों को पटाखा संयंत्र के तीन किलोमीटर के दायरे से सभी को हटाना पड़ा। बचाव कार्यों के दौरान कोई दुर्घटना न हो जाये, इसे ध्यान में रखकर दुर्घटनाग्रस्त इलाके में नमी बढ़ाने के उपाय भी किये गये।
घटनास्थल से प्रसारित एक टीवी कार्यक्रम में सी.सी.टी.वी. के संवाददाता ने बताया कि विस्फोट इतना विनाशकारी था कि कारखाने के पास स्थित एक आवासीय भवन की खिड़कियां भी टूट गयीं। रिपोर्ट के मुताबिक पटाखा कारखाने में हुये विस्फोट में घायल हुये लोगों की आयु 20 से 60 वर्ष के बीच है और कुछ लोगों को उड़ते हुए मलबे की चपेट में आने से हड्डियों में गंभीर चोटें आयी हैं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने निर्देश दिये हैं कि दुर्घटना के बाद जो लोग अभी भी लापता हैं,उनकी तलाश की जाये औऱ गंभीर रूप से घायल लोगों को बचाने के हर संभव प्रयास किये जायें। जिनपिंग ने दुर्घटना की जांच करने और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिये हैं। लियूयांग शहर पटाखा निर्माण के लिए जाना जाता है और रिपोर्टों में इसे दुनिया का सबसे बड़ा पटाखा उत्पादक शहर बताया गया है। चीन में पटाखा फैक्ट्रियों और दुकानों में विस्फोट होना कोई असामान्य बात नहीं है और ये अक्सर जानलेवा होते हैं। फरवरी में वहां हुबेई प्रांत में एक पटाखे की दुकान में हुये विस्फोट में 12 लोग मारे गये थे।

Comment List