डूंगरपुर-बांसवाड़ा से कांग्रेस ने अर्जुन बामनिया को बनाया प्रत्याशी, बागीदौरा उपचुनाव में कमल कांत कटारा को मिली टिकट
बीएपी से गठबंधन को लेकर चल रही थी चर्चा
लोकसभा चुनावों से पहले राजस्थान की डूंगरपुर-बांसवाड़ा सीट से कांग्रेस ने अर्जुन बामनिया को प्रत्याशी बनाया है। पहले इस सीट पर भारतीय आदिवासी पार्टी से गठबंधन को लेकर चर्चा चल रही थी।
जयपुर। लोकसभा चुनावों से पहले राजस्थान की डूंगरपुर-बांसवाड़ा सीट से कांग्रेस ने अर्जुन बामनिया को प्रत्याशी बनाया है। पहले इस सीट पर भारतीय आदिवासी पार्टी से गठबंधन को लेकर चर्चा चल रही थी। लेकिन गठबंधन पर बात नहीं बनने पर कांग्रेस ने इस सीट पर अपने प्रत्याशी का एलान कर दिया है। ऐसे में इस सीट पर त्रिकोणीय संघर्ष होगा।
प्रत्याशी घोषणा के बाद बीएपी की गठबंधन की पेशकश
कांग्रेस के प्रत्याशी घोषणा के बाद बीएपी उम्मीदवार राजकुमार रोत ने कांग्रेस से गठबंधन की पेशकश की है। रोत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि बांसवाड़ा-डूंगरपुर सीट पर भारत आदिवासी पार्टी को समर्थन करते हुए इण्डिया गठबंधन में कांग्रेस सीट को छोड़ती है तो हम और यहाँ के समस्त रहवासी कांग्रेस आलाकमान के आभारी रहेंगे और भाजपा को धूल चटाएँगे। इस ट्वीट के बाद यह तय हो गया है कि नाम वापसी के समय तक गठबंधन के रास्ते अभी भी बंद नहीं हुए हैं।
बागीदौरा उपचुनाव में कमल कांत को टिकट
महेन्द्रजीत सिंह मालवीय के कांग्रेस को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की वजह से बागीदौरा में उपचुनाव हो रहा है ऐसे में कांग्रेस ने बागीदौरा से कमलकांत कटारा को टिकट देकर प्रत्याशी बनाया है। कमल कांत कटारा भारतीय आदिवासी पार्टी को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे।
Comment List