दौसा: ब्रेक फेल होनेे से अनियंत्रित हुआ डंपर, महिला समेत 5 लोग की मौत, 11 गंभीर घायल

घायलों का उपचार जारी है

दौसा: ब्रेक फेल होनेे से अनियंत्रित हुआ डंपर, महिला समेत 5 लोग की मौत, 11 गंभीर घायल

लोगों ने आरोप लगाया है कि पुलिस प्रशासन की लापरवाही से हादसा हुआ है।

जयपुर। दौसा। लालसोट बस स्टैंड पर रविवार को सुबह 11 बजे भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत एवं 10 गंभीर घायल हुए। दौसा की ओर से आ रहे बेकाबू ओवरलोड रोड़ी से भरे डंपर ने पांच लोगों को मौत के घाट उतार दिया और 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल लालसोट पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया और 11 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया जिसमें एक व्यक्ति की रास्ते में मौत हो गई।

घाटे से उतरते समय ओवरलोड डंपर के ब्रेक फेल हो जाने के कारण अनियंत्रित होकर लालसोट बस स्टैंड पर खड़ी निजी बस एवं तीन बाइक को डंपर ने शिकार बनाया। घटनास्थल पर घटना होने के बाद लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। आक्रोशित शहर वासियों ने घटना को लेकर घटनास्थल पर लगभग 2 घंटे जाम लगाया। शहर वासियों का कहना था कि जब सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक ओवरलोड वाहनों का प्रवेश शहर में वर्जित कर रखा है तो उसके बावजूद शहर में ओवरलोड वाहनों का प्रवेश हो रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर घटना का जायजा लेने के लिए लालसोट थाना अधिकारी महावीर सिंह शेखावत, डीएसपी उदय सिंह मीना, लालसोट तहसीलदार अमितेश मीना मौके पर पहुंचे। जिन्होंने घटना का जायजा लिया एवं घटना में घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया एवं घटनास्थल पर आक्रोशित शहर वासियों को समझाइश के बाद घटनास्थल पर लगाए जाम को खुलवाया।

घटना की जानकारी मिलते ही दौसा से एडिशनल एसपी लोकेश सोनवाल एवं लालसोट विधायक रामबिलास मीना थाने पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। मृतकों में लक्ष्मी महावर(14), रेवड़ (33) पुत्र गेदांलाल, महेश चंद्र शर्मा और रामहरि योगी की पहचान हुई है। वहीं एक मृतक महिला की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है जिसका शव मुर्दा घर पर रखा गया है। वहीं, घायलों अजय (33) पुत्र जेनेंद्र, कस्तूरी (34) पत्नी रामफूल, पप्पू (50) पुत्र बहरूपिया, बिरमा (45) पत्नी जगदीश, अर्चना (35), हाकिम सिंह (60) छाजुूसिंह, गोलू (14) पुत्र लल्लू महावर, मानसिंह (14) पुत्र बजरंग, उर्मिला (40) पत्नी शंभूदयाल और पूजा (30) को दौसा और दूसरे हॉस्पिटल में रेफर किया गया है।

Read More मुख्यमंत्री आवास पर पहली बार हुआ सामूहिक क्षमावाणी कार्यक्रम

विधायक ने पुलिस प्रशासन को बताया जिम्मेदार
विधायक रामबिलास मीना ने इस हादसे का जिम्मेदार पुलिस प्रशासन को बताया। विधायक ने एएसपी लोकेश सोनवाल से सवाल किए कि जब शहर में सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक तक बड़े वाहन प्रतिबंधित हैं तो किसके आदेश पर इन ओवरलोड वाहनों को एंट्री दी जा रही है।

Read More जयपुर से कुल्लू के लिए हवाई सेवा होगी शुरू

डंपर शहर में कैसे आया इसकी जांच कर रहे है- एएसपी
लालसोट एएसपी लोकेश सोनवाल ने कहा कि लालसोट घाटी में लंबी ढलान है। रविवार को सुबह करीब 11 बजे रोडी से भरा एक डंपर घाटी से लालसोट  की ओर आ रहा था। इसी दौरान डंपर का ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हो गया। कई लोग डंपर की चपेट में आ गए। इसमें एक बच्ची और महिला सहित 5 लोगों की मौत हुई है।

Read More पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 10 लाख करोड़ के एमओयू करने का फैलाया झूठ, नहीं हो पाये 1लाख करोड़ के भी निवेश: BJP

एएसपी ने कहा कि यह सही बात है कि सुबह 8 बजे से बड़े वाहनों की एंट्री शहर में बंद है। इसके बावजूद कैसे ये डंपर शहर में घुसा इसकी जांच कर रहे हैं। शहर में दो एंट्री पॉइंट हैं, दोनों पर पुलिस जाब्ता लगाया गया है, ताकि भविष्य में कोई वाहन दिन में शहर में न घुस पाए।

Post Comment

Comment List