राहुल गांधी ने सुनाई नर्स की कहानी : कौन है केरल की भावना?, अस्पताल में सोनिया गांधी की कर रही थी देखभाल; पढ़ें पूरा मामला
राहुल गांधी का भावुक संदेश: केरल की नर्सों के समर्पण को सलाम
सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने पर राहुल गांधी ने केरल की नर्सों की प्रतिबद्धता की सराहना की है। उन्होंने बताया कि मुश्किल रात में एक मुस्कुराती हुई नर्स ने उन्हें और उनकी मां को संबल दिया। इस सेवा भाव को "केरल की भावना" बताते हुए राहुल ने फिलहाल अपने चुनाव दौरे रद्द कर दिए हैं।
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को उस अस्पताल में रात बिताने का एक भावनात्मक विवरण साझा किया, जहां उनकी मां सोनिया गांधी का इलाज चल रहा है। तबियत खराब होने के बाद सोनिया गांधी को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि वह रात में अपनी मां के कमरे में एक सोफे पर लेटे थे और उनके स्वास्थ्य को लेकर काफी चिंतित थे।
राहुल गांधी ने कहा कि उस मुश्किल समय में उन्हें एकमात्र सांत्वना केरल की एक नर्स से मिली, जो नियमित रूप से उनकी मां की देखभाल कर रही थीं और मुस्कुराहट के साथ उन्हें भरोसा दिला रही थीं। उन्होंने कहा, "पूरी रात, मुझे केवल एक ही चीज़ से सांत्वना मिली - केरल की एक नर्स जो हर घंटे मेरी माँ को देखने आती थीं। वह मुस्कुराती और मां का हाथ थाम लेती थीं।"
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उल्लेख किया कि नर्स ने बिना आराम किए पूरी रात काम किया, जो देश और विदेश में सेवा कर रहे केरल के स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। राहुल गांधी ने सुबह उनसे पूछा कि क्या उन्हें नींद नहीं आती, जिस पर नर्स ने जवाब दिया कि वह पूरी रात काम करती हैं। उन्होंने कहा, "जब पूरी दुनिया सोती है, केरल की महिलाएं... लोगों को सांत्वना दे रही होती हैं, उनका हाथ थामे रहती हैं और उन्हें सहज महसूस कराती हैं। मेरे लिए, यही केरल राज्य की भावना है।"
राहुल गांधी ने अपनी मां के साथ रहने के लिए केरल विधानसभा चुनावों के लिए अपना निर्धारित दौरा रद्द कर दिया है। कांग्रेस सूत्रों ने संकेत दिया कि उनके चुनाव कार्यक्रम सोनिया गांधी के स्वस्थ होने के बाद पुननिर्धारित किए जाएंगे।

Comment List