हिसार में CET पास युवाओं ने किया रोड जाम: CM से मुलाकात नहीं होने पर 11 दिन से जारी धरना तेज, सीजेपी कार्यकर्ता पुलिस हिरासत में
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े युवा
हिसार। हरियाणा के हिसार में सीईटी पास युवाओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात नहीं कराने पर रोड जाम कर दिया। ये युवा पिछले 11 दिनों से धरने पर बैठे थे। युवाओं की मांग है कि सीईटी को लेकर सरकार उन्हें लिखित आश्वासन दे। उनका कहना है कि केवल मौखिक आश्वासन पर वे धरना खत्म नहीं करेंगे। युवाओं के समर्थन में पहुंचने पर झज्जर पुलिस ने बुधवार देर रात कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी ) के कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इनमें पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता अभिता द्विजा चेची, संदीप गुलिया और चंद्रमोहन शामिल थे। पुलिस ने गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सभी को छोड़ दिया।
इसी बीच चंद्रमोहन के घर का सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जिसमें धक्का-मुक्की के बीच उन्हें गाड़ी में बैठाते हुए पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं। अभिता द्विजा चेची ने थाने पहुंचकर कार्रवाई का विरोध किया तो उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान उनकी थानाधिकारी से तीखी बहस हुई। पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान माहौल खराब न हो, इसलिए एहतियातन कार्रवाई की गई थी। पुलिस कार्रवाई पर सीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधीर सांगवान और संदीप गुलिया की पत्नी संजू ने वीडियो जारी कर सवाल उठाए।
संजू ने आरोप लगाया कि बुधवार रात करीब आठ बजे 10-12 पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और खाना खा रहे संदीप गुलिया को हिरासत में ले गए। उन्होंने कहा कि परिवार ने पुलिस से हिरासत का कारण और संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन स्पष्ट जवाब नहीं मिला। पुलिसकर्मियों ने संदीप से पूछा कि वह किस टीम से जुड़े हैं, अराजकता क्यों फैला रहे हैं और अगले दिन कहां जाने की योजना है।

Comment List