नोएडा में भयावह हादसा: लेबर कैंप में गैस लीकेज से लगी भीषण आग, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू
60 श्रमिक सुरक्षित
नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-126 थाना क्षेत्र अंतर्गत रायपुर स्थित एक लेबर कैंप में मंगलवार को गैस रिसाव के कारण अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कैंप में उस समय करीब 50 से 60 श्रमिक मौजूद थे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने मंगलवार को आग को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और संयुक्त अभियान चलाकर आग पर काबू पाया।
फायर यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। पुलिसकर्मियों और दमकल कर्मियों ने मिलकर सबसे पहले कैंप में मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया, जिसके बाद आग पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। कुछ समय की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। मौके पर की गई प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आग लगने का कारण गैस लीकेज था। आशंका जताई जा रही है कि किसी गैस सिलेंडर या गैस पाइपलाइन से रिसाव होने के बाद आग भड़की। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी श्रमिक सुरक्षित हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही कैंप परिसर में धुआं और लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे वहां रह रहे श्रमिकों में दहशत फैल गई। कई लोग अपने कमरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों की ओर भागे। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-126 पुलिस मौके पर पहुंची और फायर विभाग को तत्काल अलर्ट किया गया। अधिकारियों ने बताया कि आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि आग तेजी से पूरे परिसर में फैल जाती तो बड़ी संख्या में लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। कैंप में बड़ी संख्या में श्रमिकों के रहने के कारण स्थिति गंभीर हो सकती थी, लेकिन पुलिस और फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई ने संभावित नुकसान को रोक दिया।
घटना के बाद पूरे परिसर का निरीक्षण किया गया और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कैंप संचालकों को गैस सिलेंडरों, विद्युत उपकरणों और अन्य ज्वलनशील सामग्री के उपयोग में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने पर जोर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी श्रमिक सुरक्षित हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं तथा आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित बचाव अभियान के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया, जिससे दर्जनों लोगों की जान सुरक्षित बच सकी।

Comment List