त्रिपुरा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक पलटने से चार श्रमिकों की मौत, अन्य 6 घायल
बारिश के कारण सड़क की खराब स्थिति के चलते हुआ हादसा
त्रिपुरा के धलाई जिले में भारी बारिश और खराब सड़क के कारण एक डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन के ऊपर बैठे चार श्रमिकों की गिट्टी के नीचे दबने से मौत हो गई, जबकि केबिन में सवार छह लोग घायल हो गए। बीएसएफ जवानों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अगरतला। त्रिपुरा के धलाई जिले में सड़क दुर्घटना में कम से कम चार श्रमिकों की मौत हो गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार के लोंगतराई घाटी के नाइसारामपारा में निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली गिट्टी (चिप्स) से लदा एक डंपर रविवार शाम पलट गया। रिपोर्ट के अनुसार, वाहन के अंदर यात्रा कर रहे छह अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहाँ उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के समय डंपर निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री लेकर मानिकपुर से नाइसारामपारा की ओर जा रहा था।
पुलिस ने बताया, "पहाड़ी इलाके में लगातार बारिश के कारण सड़क की खराब स्थिति के चलते चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे डंपर पलट गया। अस्पताल ले जाते समय चार श्रमिकों की मौत हो गई।" पास में ही तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, घायलों को चावमानु अस्पताल पहुंचाया। वहाँ डॉक्टरों ने बलिधनंजय त्रिपुरा (47), मजीदा त्रिपुरा (50), बाथोंजय त्रिपुरा (39) और नरंजय त्रिपुरा (36) को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि चारों मृतक वाहन के ऊपर बैठे थे,और डंपर पलटने पर वे गिट्टी के ढेर के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौत हो गयी, जबकि वाहन के केबिन के अंदर बैठे लोग सुरक्षित बच गये।

Comment List