मायावती ने कांशीराम को अर्पित की श्रद्धांजलि: कहा बसपा आंदोलन से जुड़कर बहुजन समाज बने ईमानदार और मिशनरी अम्बेडकरवादी
कांशीराम जयंती: मायावती ने दिया सत्ता की 'मास्टर चाबी' हासिल करने का मंत्र
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कांशीराम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए बहुजन समाज से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने समर्थकों से मिशनरी अंबेडकरवादी बनने और वोट की ताकत से 'मास्टर चाबी' हासिल करने का आह्वान किया। मायावती ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति ही कांशीराम का असली सपना है।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने पार्टी संस्थापक कांशीराम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित देते हुए बहुजन समाज से अपील की है कि वे बसपा आंदोलन से जुड़कर ईमानदार और मिशनरी अम्बेडकरवादी बनें। उन्होने कहा कि बहुजन समाज अपने वोट की ताकत से सत्ता की मास्टर चाबी हासिल कर सकता है, जिससे संविधान में दिए गए अधिकारों को जमीन पर लागू किया जा सके। उन्होंने कहा कि यही कांशीराम का मिशन और उनके जीवन का संदेश भी है।
मायावती ने रविवार को एक्स पर जारी संदेश में कहा कि मान्यवर कांशीराम ने अपना पूरा जीवन बहुजन समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए समर्पित कर दिया था। उन्होने कहा कि कांशीराम ने डॉ. आंबेडकर की सोच और आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए देशभर में बहुजन समाज को संगठित किया। उन्होंने जाति के आधार पर उपेक्षित और पिछड़े लोगों को एकजुट कर उन्हें सामाजिक और राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया। उनके नेतृत्व में बहुजन समाज पार्टी ने सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति के मिशन को आगे बढ़ाया।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि कांशीराम के ऐतिहासिक प्रयासों के कारण बहुजन समाज में राजनीतिक जागरूकता आई और समाज के लोगों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा मिली। मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कांशीराम के विचारों और मिशन को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

Comment List