राज्यसभा की याचिका समिति के अध्यक्ष बने राघव चड्ढा, जानें क्या काम करती है समिति
आम जनता द्वारा उठाए गए जनहित के मामलों की जांच करती है समिति
आम आदमी पार्टी छोड़ भाजपा में आए राघव चड्ढा को राज्यसभा की याचिका समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। सभापति सीपी राधाकृष्णन ने समिति का पुनर्गठन कर 10 सदस्यों को मनोनीत किया। यह समिति जनहित के मुद्दों और लंबित विधेयकों से जुड़ी याचिकाओं की जांच करती है। चड्ढा समेत 7 पूर्व आप सांसद हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे।
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए राघव चड्ढा को उच्च सदन की याचिका समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चड्ढा सहित आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सदस्य पिछले महीने ही भाजपा में शामिल हुए थे। राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने हाल ही में राज्यसभा की याचिका समिति का पुनर्गठन किया था। उन्होंने इस समिति के लिए सदन के 10 सदस्यों को मनोनीत किया है और चड्ढा को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
मनोनीत किये गये अन्य सदस्यों में भाजपा के हर्ष महाजन, गुलाम अली, शंभू शरण पटेल और मयंक कुमार नायक , तेलुगु देशम पार्टी के मस्तान राव यादव बीड़ा, कांग्रेस की जेबी माथेर हीशम, बीजू जनता दल के शुभाशीष खुंटिया, यूपीपीएल के रवंगवरा नारजारी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के संदोष कुमार पी शामिल हैं।
राज्यसभा की याचिका समिति आम जनता द्वारा उठाए गए व्यापक जनहित के मामलों और लंबित विधेयकों से जुड़ी याचिकाओं की जांच करती है।

Comment List