स्टोक्स के शतक से इंग्लैंड को 311 रनों की बढ़त, भारत को हार से बचाने के लिए राहुल व कप्तान गिल का संघर्ष
37 पारियों के बाद आया स्टोक्स का शतक
कप्तान बेन स्टोक्स (141) की शतकीय पारी की बदौलत मेजबान इंग्लैंड ने चौथे टेस्ट मैच के चौथे दिन शनिवार को अपनी पहली पारी में 669 रनों का विशाल स्कोर बना भारत के खिलाफ पारी में 311 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली
मैनचेस्टर। कप्तान बेन स्टोक्स (141) की शतकीय पारी की बदौलत मेजबान इंग्लैंड ने चौथे टेस्ट मैच के चौथे दिन शनिवार को अपनी पहली पारी में 669 रनों का विशाल स्कोर बना भारत के खिलाफ पारी में 311 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली। भारत ने दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 174 रन बना लिए थे। उस समय केएल राहुल 87 और कप्तान शुभमन गिल 78 रन बना क्रीज पर मौजूद थे।
भारतीय पारी की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही और उसने शून्य पर ही अपने दो विकेट गंवा दिए। क्रिस वोक्स ने पहले ओवर की चौथी गेंद पर यशस्वी जायसवाल को जो रूट के हाथों कैच कराया और अगली गेंद पर साई सुदर्शन को हैरी ब्रूक के हाथों लपकवा भारतीय खेमे में सनसनी फैला दी।
शून्य पर ही दो विकेट गंवाकर संकट में फंसी भारतीय पारी को केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल ने संभाला। भारत को संभावित हार से बचाने के लिए संघर्ष कर रही इस जोड़ी ने दिन का खेल समाप्त होने तक स्कोर दो विकेट पर 174 रन तक पहुंचा दिया। केएल राहुल 210 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 87 रन और शुभमन गिल 167 गेंदों पर ॅ10 चौकों की मदद से 78 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे।
जडेजा ने लिए चार विकेट
भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने चार विकेट लिए। वॉशिंगटन सुंदर और जसप्रीत बुमराह को दो- दो विकेट मिले। अंशुल कम्बोज और मोहम्मद सिराज ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
37 पारियों के बाद आया स्टोक्स का शतक
इससे पूर्व इंग्लैंड के कल के सात विकेट पर 544 रनों से आगे खेलना शुरु किया। जसप्रीत बुमराह ने लियाम डॉसन (26) को बोल्ड कर भारत को आठवीं सफलता दिलाई। ब्राइडन कार्स ने कप्तान स्टोक्स का बखूबी साथ निभाया। स्टोक्स ने सिराज की गेंद पर चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया। बेन स्टोक्स ने 37 पारियों बाद टेस्ट में शतक लगाया है। वह एक टेस्ट में शतक और पांच विकेट वाले पांचवें कप्तान है। दोनों बल्लेबाजों के बीच नौवें विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी हुई। स्टोक्स ने 198 गेंदों में 11 चौके और तीन छक्कों की मदद से 141 रनों की पारी खेली।

Comment List