आप का भाजपा पर निशाना, केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का लगाया आरोप
आप नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज
चंडीगढ़। पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालचंद सिंह कटारूचक और आम आदमी पार्टी (आप) विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और निर्वाचन आयोग जैसी संस्थाओं के कथित दुरुपयोग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों और विपक्षी दलों की सरकारों पर दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।
कटारूचक ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि राजनीतिक रूप से चुनौती महसूस होने पर भाजपा विपक्ष का राजनीतिक मुकाबला करने के बजाय केंद्रीय एजेंसियों के जरिए दबाव बनाने की कोशिश करती है। उन्होंने दिल्ली के चुनावों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि आप नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज किये गये और उन्हें लंबे समय तक जेल में रखा गया, लेकिन बाद में अदालतों ने कई मामलों में राहत दी।
पंजाब में हालिया ईडी कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कटारूचक ने दावा किया कि लुधियाना में आप मंत्री के एक रिश्तेदार के घर हुई तलाशी में अधिकारियों को कोई बरामदगी नहीं हुई। उन्होंने अपने करीबी व्यक्ति के आवास पर करीब दो महीने पहले हुई ईडी की कार्रवाई का भी उल्लेख किया और दावा किया कि वहां 16 घंटे की तलाशी के बाद एजेंसी ने कोई बरामदगी नहीं होने की बात लिखित रूप में दी थी।
धालीवाल ने भी ईडी की कार्रवाई को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एजेंसियों के जरिए आप नेताओं और अधिकारियों को डराने तथा पंजाब सरकार की छवि प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल आप सरकार के खिलाफ कार्रवाई नहीं बल्कि 'दिल्ली का पंजाब पर हमला' है। उन्होंने महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में भी विपक्षी दलों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई किये जाने का आरोप लगाया।
दोनों नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का भी उल्लेख किया। कटारूचक ने कहा कि दो निर्वाचन आयुक्तों द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखे पत्रों और आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों ने संस्थागत कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े किये हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना जरूरी है। धालीवाल ने भाजपा की 'नशामुक्त पंजाब यात्रा' पर भी सवाल उठाते हुए गुजरात में मादक पदार्थों की बरामदगी का उल्लेख किया और कहा कि नशे के खिलाफ अभियान पूरे देश में समान रूप से चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई के बावजूद अपना राजनीतिक अभियान जारी रखेगी।
कटारूचक ने कहा कि पंजाब ऐसे दबावों के सामने नहीं झुकेगा। उन्होंने भगवंत मान सरकार की शिक्षा, भूजल संरक्षण और अन्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए दावा किया कि राज्य सरकार के फैसलों से लोगों को लाभ मिला है। दोनों नेताओं ने कहा कि पंजाब के लोग राजनीतिक और लोकतांत्रिक मुद्दों पर अपना निर्णय स्वयं करेंगे।

Comment List