चुनाव खत्म, वसूली शुरू : जनता पर चला सरकार का हंटर, ईंधन के दाम बढ़ाने पर कांग्रेस का केन्द्र पर हमला
महंगाई रोकने में विफल रहने का आरोप
कांग्रेस ने पेट्रोल, डीजल और CNG की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर हमला बोला है। पार्टी ने कहा कि चुनाव खत्म होते ही जनता पर बोझ बढ़ा दिया गया है। जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि जब कच्चा तेल सस्ता था तब राहत नहीं दी गई, और अब बढ़ती कीमतों में जनता को महंगाई का सामना करना पड़ रहा है।
नई दिल्ली। कांग्रेस ने पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम बढ़ाए जाने को लेकर केन्द्र सरकार पर आरोप लगाया है कि जब विश्व बाजार में तेल की कीमत कम थी, तो उनकी सरकार ने तब खूब कमाई की और कई राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म होते ही अब ईंधन के रूप में जनता से वसूली शुरू कर दी है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर शुक्रवार को एक पोस्ट में सरकार को महंगाई मैन करार देते हुए लिखा, महंगाई की सरकार ने आज फिर जनता पर हंटर चलाया। पेट्रोल और डीजल तीन-तीन रुपये महंगा कर दिया गया। वहीं, सीएनजी के दाम भी दो रुपये बढ़ा दिए गए। चुनाव खत्म, सरकार की वसूली शुरू। सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है और आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।
इस बीच कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने कहा, वर्षों तक जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें कम थीं या गिर रही थीं, तब कांग्रेस लगातार यह मांग करती रही कि उसका लाभ भारतीय उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए और रसोई गैस, पेट्रोल तथा डीजल की घरेलू कीमतों में कमी की जाए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ तथा उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिली।
उन्होंने आरोप लगाया कि अब पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में वृद्धि के बीच तथा विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद सरकार ने पहले वाणिज्यिक रसोई गैस के दाम बढ़ाए और अब पेट्रोल तथा डीजल की कीमतों में भी वृद्धि कर दी है। रमेश ने दावा किया कि इससे महंगाई बढ़ना तय है, जो चालू वित्त वर्ष में करीब 6 प्रतिशत तक पहुंच सकती है तथा आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान भी प्रभावित हो सकते हैं।

Comment List