गजेन्द्र सिंह शेखावत का राहुल गांधी पर निशाना: बोले-अर्थव्यवस्था संबंधी समझ पर ही है प्रश्नचिह्न, पहले अपने गिरेबां में झांक करके देखों फिर कहना...
शेखावत का पलटवार: राहुल गांधी की आर्थिक समझ पर सवाल
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राहुल गांधी को घेरते हुए कहा कि वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद भारत में महंगाई दर सबसे कम है। उन्होंने तंज कसा कि डबल डिजिट महंगाई वाले दौर के नेता आज 2% पर सवाल उठा रहे हैं। शेखावत ने मिडिल ईस्ट संकट और डॉलर की मजबूती का हवाला देते हुए कांग्रेस शासन की आर्थिक विफलताओं पर निशाना साधा।
नई दिल्ली। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनको अर्थव्यवस्था की कितनी समझ है, इस पर ही प्रश्नचिह्न लगा हुआ है। शेखावत रविवार को यहां अपने आवास पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। जब उनसे श्री राहुल गांधी के रुपया के डॉलर के मुकाबले कमजोर होने और महंगाई बढ़ने से जुड़े ट्वीट के विषय में पूछा गया, तब उन्होंने कहा कि जिस तरह की परिस्थितियां हैं। ग्लोबल सिनेरियो है। अभी जिस तरह का जिओ टर्बुलेंस विश्व में है। जिस तरह की उथल-पुथल वर्तमान परिस्थिति में मिडिल ईस्ट युद्ध से बनी है, उससे सोना की कीमतें लगातार कम हो रही हैं। उन्होंने कहा कि थोड़े से दिन पहले श्री गांधी सोने को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे थे। अभी रुपया को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। उनको पहले अपने गिरेबां में झांक करके देखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत में थोक महंगाई की दर दुनिया में सबसे कम है। राहुल गांधी के अदृश्य नेतृत्व में जब सरकार काम करती थी, जब वो कैबिनेट के फैसलों को फाड़कर फेंका करते थे। संवैधानिक व्यवस्थाओं का अपमान करते थे। उस 10 साल के कालखंड में सात साल महंगाई की दर डबल डिजिट में थी। श्री शेखावत ने कहा कि जब डबल डिजिट वाले दो प्रतिशत की महंगाई पर प्रश्न चिह्न खड़े करें, तब उनकी बुद्धिमता पर प्रश्नचिह्न जनता खड़ा करेगी।
लोगों की समस्याएं सुनने से संबंधित सवाल पर श्री शेखावत ने कहा, "मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि मुझमें विश्वास रखते हुए, मुझ पर भरोसा करके इतने सारे लोग अपने छोटे-बड़े विषयों को लेकर चर्चा करते हैं। यदि आप किसी मुकाम पर पहुंचने के बाद धरातल से जुड़े रहें तो लोग आपके साथ जुड़ते हैं। जब लोग आपके साथ में जुड़ते हैं, आपके पास आते हैं, आप उनके किसी विषय का समाधान करके उनको राहत प्रदान कर सकें, इससे उनके दिल को बहुत प्रसन्नता और सुकून मिलता है।" शेखावत ने कहा "कार्यकर्ताओं ने मुझे बनाया है। मैंने उनको थोड़ा बनाया है।"

Comment List