'वोट-चोरी' के खिलाफ रुकेगा नहीं हमारा आंदोलन, एक साथ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे विपक्षी दल : राहुल
युवाओं से एकजुट रहने का आह्वान
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि वोट चोरी के खिलाफ उनका जन आंदोलन रुकने वाला नहीं है और विपक्षी दल मिलकर इस मामले में लड़ाई लड़ेंगे और उच्चतम न्यायालय में मिलकर याचिका भी दायर करेंगे। राहुल गांधी ने सोमवार को यहां यहां कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित विशेष संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दिल्ली में पिछले पांच-छह दिनों से न्याय की लड़ाई चल रही है और वोट चोरी के खिलाफ जन आंदोलन किया जा रहा है। इस आंदोलन को रोकने का प्रयास हो रहा है और लोगों को आने-जाने से रोका जा रहा है। चारों तरफ पुलिस तैनात कर दिल्ली को किले में तब्दील कर दिया गया है। इसी के विरोध में इंडिया गठबंधन के नेता मार्च कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन देश की आत्मा पर हमला करने वालों के खिलाफ है और इस आंदोलन के जरिए युवाओं पर अत्याचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में शामिल युवाओं को मारा पीटा जा रहा है, महिलाओं से अभद्रता की जा रही है। उन्होंने युवाओं को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने और संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर सबकी आवाज उठाने का आह्वान किया है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि पुलिस युवाओं को पिटवा रही है और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के लोगों को खुलेआम घूमने दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ खड़े होने और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ने वालों को रोका जा रहा है लेकिन विपक्ष पीछे हटने वाला नहीं है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार वोट चोरी रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं। विपक्ष चुनाव आयोग से और सरकार से सवाल कर रहा है और इसी वजह से सवाल करने वालों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना ही उनका धर्म है। राहुल गांधी ने कहा कि यह आंदोलन लंबा चल सकता है और इसमें कई दिन या महीने लग सकते हैं लेकिन इसे रोका नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, हमारे आंदोलन के सामने सरकार झुकेगी, उसके अधिकारी थक जाएंगे और उसकी पुलिस भी थक जाएगी, लेकिन हमारा आंदोलन नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि देश की आत्मा और संविधान पर हमला हो रहा है तथा सभी विपक्षी दल एकजुट होकर इसका विरोध करेंगे। उन्होंने दावा किया कि सरकार के करीब 200 अधिकारी उनके संपर्क में हैं और संविधान बचाने की लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि मुख्य न्यायाधीश से उन्होंने मिलने का समय मांगा था लेकिन मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें याचिका दायर करने के लिए कहा है और विपक्षी दल मिलकर सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई देश के भविष्य और आने वाली पीढ़ियों के लिए है वह युवाओं से अपील करते हैं कि वे देश में हो रही घटनाओं के खिलाफ अपनी आवाज उठाएं और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आएं। उनका कहना था कि युवा न्याय मिलने तक पीछे नहीं हटेंगे और संविधान बचाने की लड़ाई जारी रखेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि देश के लोगों की आवाज बैरिकेड लगाकर नहीं रोकी जा सकती है। उन्होंने कहा कि सत्य ही देश की बुनियाद है और विपक्ष की लड़ाई लोकतंत्र तथा संविधान को बचाने के लिए है।

Comment List