होर्मुज जलडमरूमध्य पर पुतिन-सऊदी क्राउन प्रिंस की चर्चा, जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर दिया जोर
द्विपक्षीय संबंधों व जलमार्गों की सुरक्षा पर चर्चा
मास्को। रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने बताया कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस एवं प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद से फ़ोन पर बातचीत की। क्रेमलिन ने मंगलवार को एक बयान में कहा, "रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस एवं प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद के बीच टेलीफ़ोन पर बातचीत हुई।" क्रेमलिन ने बताया कि पुतिन और अल-सऊद ने राजनीतिक, व्यापार-आर्थिक और मानवीय क्षेत्रों में सहयोग के स्तर पर आपसी संतुष्टि ज़ाहिर की।
क्रेमलिन ने बताया कि इसके अलावा, पुतिन और सऊदी क्राउन प्रिंस ने पश्चिम एशिया, खासकर फ़ारस की खाड़ी के हालात पर चर्चा की और बाब-अल-मंदेब और होर्मुज़ जलडमरूमध्य से जहाज़ों के सुरक्षित गुज़रने को सुनिश्चित करने के महत्व पर बल दिया। बयान में कहा गया, "यमन में बिगड़ते सैन्य-राजनीतिक हालात के मद्देनजर जल्द से जल्द लड़ाई रोकने और संयुक्त राष्ट्र की देखरेख में यमन में ही सार्थक बातचीत शुरू करने के लिए माहौल बनाने की ज़रूरत की पुष्टि की गई।" इसके अलावा, क्रेमलिन ने कहा कि पुतिन और अल सऊद अलग-अलग स्तरों पर संपर्क बनाए रखने पर सहमत हुए।

Comment List