पाकिस्तान की आईएसआई और बंगलादेश से संबंध : 8 संदिग्ध गिरफ्तार, आतंकवादी संगठनों के निर्देश पर भारत में बड़े हमले की रच रहे थे साजिश
फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे
सभी संदिग्धों को तमिलनाडु के तिरुपुर की विभिन्न कपड़ा फैक्ट्रियों से हिरासत में लिया गया और बाद में ट्रेन के जरिए दिल्ली लाया गया।
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की विशेष सेल ने तमिलनाडु से 8 संदिग्ध आतंकवादियों को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। गिरफ्तार किये गये आरोपियों में एक बंगलादेशी नागरिक भी शामिल है। आरोप है कि ये सभी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बंगलादेश स्थित आतंकवादी संगठनों के निर्देश पर भारत में एक बड़े हमले की साजिश रच रहे थे। सूत्रों के अनुसार सभी संदिग्धों को तमिलनाडु के तिरुपुर की विभिन्न कपड़ा फैक्ट्रियों से हिरासत में लिया गया और बाद में ट्रेन के जरिए दिल्ली लाया गया। पुलिस ने उनके पास से दर्जनों मोबाइल फोन बरामद किये हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, Þकपड़ा उद्योग के मजदूर बनकर वे अपने आतंकी नेटवर्क का विस्तार करने में जुटे थे। पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों का प्रचार कर रहे थे और इलाके के युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से आठ मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड जब्त किये गये हैं। उपकरणों से निकाले गए डेटा में विदेशी हैंडलरों से संपर्क के सबूत मिले हैं और जांचकर्ताओं को सीमा पार से फंडिंग की भी आशंका है। इसके अलावा, आरोपियों के दिल्ली में आजाद कश्मीर पोस्टर लगाने और अन्य संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है।

Comment List