मुंबई में जैश से जुड़ा संदिग्ध युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया के जरिए फैला रहा था सांप्रदायिक नफरत
रैपिडो राइडर के पीछे छिपा था आतंकी कनेक्शन?
मुंबई। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित संबंध रखने के आरोप में मध्य मुंबई के माहिम से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर के रूप में हुई है। संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में मिली सूचना के आधार पर एटीएस की कालाचौकी इकाई ने उसे गिरफ्तार किया। एटीएस के अनुसार, आरोपी रैपिडो राइडर के रूप में काम करता था और इत्र भी बेचता था। उस पर सोशल मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी विचारों का प्रचार करने, सांप्रदायिक नफरत फैलाने और देश के खिलाफ संदेश प्रसारित करने का आरोप है।
मोबाइल में मिली आपत्तिजनक सामग्री
जांच के दौरान अधिकारियों को उसके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया खातों से कथित तौर पर जिहाद के समर्थन में संदेश तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिली। इस सामग्री में जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर के भाषणों की ऑडियो क्लिप भी शामिल बताई गई हैं।
आतंकी अजहर के ऑडियो प्रसारित किए
जांचकर्ताओं को संदेह है कि अख्तर ने बाबरी मस्जिद सहित विभिन्न मुद्दों पर अजहर के भड़काऊ भाषणों की आॅडियो रिकॉर्डिंग साझा करने के लिए टेलीग्राम समूह का इस्तेमाल किया। आरोप है कि ऐसी सामग्री एक जून को अपलोड की गई थी। वह कथित तौर पर ‘आईबीएन-ए-कासिम’ नामक टेलीग्राम चैनल पर भी सक्रिय था। एटीएस को संदेह है कि यह चैनल पाकिस्तान समर्थित चरमपंथी गतिविधियों से जुड़ा हुआ है।
संपर्कों की जांच कर रही एटीएस
एटीएस उसके संपर्कों की जांच कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं। उसके पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों से संबंध थे या नहीं। जांचकर्ता पीएम मोदी के मुंबई दौरे को लेकर आरोपी द्वारा की गई एक टिप्पणी और सोशल मीडिया पर उसकी अन्य पोस्ट की भी पड़ताल कर रहे हैं।

Comment List