पुष्कर घाटी में डेढ़ सौ फीट गहरी खाई में गिरी बस : 2 महिलाओं की मौत, तीन दर्जन से अधिक घायल
मायरा लेकर जा रहे थे
अजमेर-पुष्कर घाटी में रविवार दोपहर भीषण हादसे में अजमेर से पीसांगन मायरा लेकर जा रहे गुर्जर परिवार के 33 से अधिक सदस्यों से भरी प्राइवेट बस घाटी में 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
पुष्कर/अजमेर। अजमेर-पुष्कर घाटी में रविवार दोपहर भीषण हादसे में अजमेर से पीसांगन मायरा लेकर जा रहे गुर्जर परिवार के 33 से अधिक सदस्यों से भरी प्राइवेट बस घाटी में 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में 2 महिलाओं की मौत हो गई। जबकि तीन दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। बोराज गांव के युवकों व कोबरा राजस्थान टीम के सदस्यों ने घायलों को जेएलएन चिकित्सालय पहुंचाया। हादसे का कारण बस चालक की अचानक तबीयत बिगड़ना बताया जा रहा है। जिससे वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और बस घाटी की दीवार तोड़ते हुए खाई में जा गिरी। कुछ घंटों तक घाटी का मार्ग जाम रहा। पुलिस ने अजमेर व पुष्कर के दोनों ओर मार्ग को डायवर्ट कर दिया था। हादसे की इत्तला मिलते ही जिला कलेक्टर लोक बंधु तथा जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही राजस्थान कोबरा टीम सदस्य भी पहुंच गए। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए खाई में कंटीली झाड़ियों व कांटों के बीच पहुंचकर करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी सवारियों को बाहर निकाला। घायलों में से कुछ को पुष्कर हॉस्पिटल में उपचार कर अजमेर रेफर किया गया। वहीं 33 घायलों को अजमेर जेएलएन पहुंचाया गया।
खुशियां बदली मातम में :
सूत्रों के अनुसार अजमेर के वरुण सागर फॉयसागर रोड स्थित जितेन्द्र गुर्जर के परिवार व रिश्तेदार उसकी भतीजी के यहां मायरा भरने के लिए बस में सवार होकर गांव धुआंड़िया, पीसांगन जा रहे थे।

Comment List